स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, गुजरात में सरदार पटेल की जयंती समारोह में होंगे शामिल, बिहार की संस्कृति का भी करेंगे प्रतिनिधित्व

डीएम मनेश कुमार मीणा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

आरा, 28 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भोजपुर जिले के 50 सदस्यीय दल को शामिल होने का अवसर मिला है. बुधवार को जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने हरी झंडी दिखाकर दल को गुजरात के लिए रवाना किया. इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे गुजरात में भोजपुर का गौरव बढ़ाएं और जिले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करें.

दल में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कलाकारों, खिलाड़ियों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के महिला एवं पुरुष स्वयंसेवकों को शामिल किया गया है. विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा और उपलब्धियों के जरिए जिले का नाम रोशन करने वाले इन प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में भाग लेने का अवसर मिला है. दल के नोडल पदाधिकारी के रूप में जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे अमित कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है. वे पूरे दल का नेतृत्व करेंगे.

दो बसों से पटना, फिर विशेष ट्रेन से गुजरात की यात्रा
भोजपुर से रवाना हुआ दल दो बसों से पटना के लिए प्रस्थान किया. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दल के पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंचने के बाद बिहार के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी एकत्रित होकर विशेष ट्रेन से गुजरात के एकता नगर के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार से जा रहे प्रतिभागियों की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.




रवाना होने से पहले जिला पदाधिकारी ने दल के सदस्यों से बातचीत कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली. उन्होंने सभी को सुरक्षित यात्रा करने, अनुशासन बनाए रखने और समारोह में भोजपुर की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करने की सलाह दी.

राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सरदार पटेल के योगदान से होंगे परिचित
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है. इसके साथ ही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान, उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से लोगों को परिचित कराना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है.

गुजरात के एकता नगर में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सरदार पटेल के प्रति देश की कृतज्ञता का प्रतीक है. राष्ट्रीय एकता दिवस पर यहां आयोजित समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है. इस दौरान प्रतिभागियों को देश की विविधता, सांस्कृतिक परंपराओं और राष्ट्रीय एकजुटता को करीब से समझने का अवसर मिलेगा.
भोजपुर के प्रतिभागी समारोह में जिले और बिहार का प्रतिनिधित्व करने के साथ अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं को दूसरे राज्यों के लोगों के साथ साझा करेंगे. विभिन्न प्रदेशों के प्रतिभागियों के साथ संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से आपसी सौहार्द, भाईचारे और विविधता में एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास करेंगे.

वरीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में रवाना हुआ दल
दल को रवाना करने के अवसर पर उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में भोजपुर जिले का नाम रोशन करेंगे.

राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भागीदारी भोजपुर के प्रतिभागियों के लिए न केवल एक महत्वपूर्ण अनुभव होगी, बल्कि उन्हें देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को जानने तथा राष्ट्रीय एकता के संदेश को आत्मसात करने का अवसर भी प्रदान करेगी.

PNCB

Related Post