भगत सिंह जयंती की पूर्व संध्या पर 28 युवाओं ने किया महादान
आरा, 28 सितम्बर. शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती की पूर्व संध्या पर आरा में युवाओं ने रक्तदान कर शहादत को सलाम किया. नवचेतना सामाजिक कल्याण संस्थान के तत्वावधान में रविवार, 27 सितंबर को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, आरा में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 28 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया.

शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. रक्तदाताओं ने रक्तदान को केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी अनजान जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का माध्यम बताया.
इस मौके पर पवन सत्यार्थी ने कहा कि “रक्तदान महादान है. हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.” उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की.
संस्था की ओर से बताया गया कि शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना है.
रक्तदान करने वालों में मुकेश सिंह, पवन सत्यार्थी, ओ.पी. पांडेय, रौशन पांडेय, शिवम सिंह, नवीन, राहुल कुमार, आदित्य सोनी, सुमित कुमार, मृणाल, मयंक, सिद्धार्थ सहित अन्य लोग शामिल रहे. बताते चलें कि रेडक्रॉस के लाइफ टाइम मेंबर ओ पी पाण्डेय ने रविवार को हुए इस रक्तदान शिविर में 48वाँ बार ऋतदान किया. शहादत की याद में रक्तदान का संकल्प यही भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि.
PNCB
