कुल्हड़िया टॉल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारों से मिलेगी राहत, लागू हुए नए भुगतान नियम

कोइलवर/भोजपुर, 30 जुलाई. भोजपुर जिले के कुल्हड़िया टोल प्लाजा पर अब वाहनों की लंबी कतारों से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से इस टोल प्लाजा पर सुबह से लेकर शाम तक वाहनों की भारी भीड़ और कई किलोमीटर लंबी कतारें लगती थीं। इसका असर आम लोगों के साथ-साथ भोजपुर पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ता था।




आरा-पटना मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति के कारण लगभग 60 किलोमीटर की दूरी तय करने में कई बार घंटों लग जाते थे. इस समस्या को लेकर लगातार लोगों में नाराजगी और विरोध भी देखने को मिलता था.

अब टोल प्रबंधन ने व्यवस्था में सुधार करते हुए नए भुगतान नियम लागू किए हैं. नए नियम के अनुसार टोल प्लाजा से गुजरने वाले सभी वाहनों को डिजिटल माध्यम से ही टोल शुल्क का भुगतान करना होगा. जिन वाहनों में फास्टैग लगा होगा, उनसे स्वतः टोल शुल्क कट जाएगा. वहीं, जिनके पास फास्टैग नहीं है, वे टोल प्लाजा पर उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे.

यदि किसी वाहन चालक के पास न तो फास्टैग होगा और न ही यूपीआई से भुगतान की सुविधा होगी, तो ऐसे वाहन को टोल प्लाजा पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

टोल प्रबंधन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया तेज होगी, वाहनों की आवाजाही सुचारु रहेगी और टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों में काफी कमी आएगी. इससे आरा-पटना मुख्य मार्ग पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. इस नए नियम के लिए टॉल प्रबंधन की ओर से प्लाजा के पास पोस्टर और बैनर भी लगाया गया है जिससे यात्रियों और गाड़ी मालिकों को कोई दिक्कत नहीं हो. बता दे कि इसके पूर्व डिजिटल पेमेंट नहीं होने के कंडीशन में कैश पैसे द्वारा भी गाड़ियां गुजरती थीं जिसकी वजह से जाम लगा रहता था. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि इस नयी व्यवस्था के लागू होने के बाद यह आमजनों के साथ प्रशासन और टॉल प्लाजा मैनेजमेंट के लिए कितना कारगर साबित होता है.

PNCB

Related Post