बांकीपुर में 34% वोटिंग, तीन अगस्त को आएगा जनता का फैसला

2025 की तुलना में 7% कम वोटिंग

कम वोटिंग ने सभी दलों की टेंशन बढ़ाई




महिलाओं ने बढ़-चढ़कर किया मतदान
पटना। अजीत।। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में वोटर्स की उदासीनता ने भाजपा के साथ राजद और जनसुराज को भी टेंशन दे दिया है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस बार महज 34% ही वोटिंग हुई है. 2025 में यहां 41% मतदान हुआ था. इस उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार थे लेकिन मुकाबला त्रिकोणीय ही रहा. कम वोटिंग के बावजूद तीनों दल अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं. हालांकि ये बात महत्वपूर्ण है कि जब-जब बिहार में कम सीटों पर उपचुनाव हुए हैं तो सत्ता पक्ष को नुक़सान हुआ है.

गुरुवार को मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही. पुलिस बल की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रही. चुनाव कर्मियों ने भी मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं.

पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. कई युवा मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंच गए और पहली बार वोट डालकर खुशी जताई. युवाओं ने इसे लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी बताते हुए सभी से मतदान करने की अपील की.

प्राथमिक विद्यालय दशरथा स्थित बूथ संख्या 352 पर पहली बार मतदान करने पहुंचीं मेघा कुमारी ने कहा कि पहली बार वोट डालना उनके लिए यादगार अनुभव रहा. उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, क्योंकि मजबूत लोकतंत्र के लिए हर वोट महत्वपूर्ण होता है.

चुनाव अधिकारियों के अनुसार युवा मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर मतदान केंद्रों पर देखने को मिला. युवा मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की. अब इंतजार नतीजे का है जो तीन अगस्त को आएगा. वोटिंग के बाद के एग्जिट पोल भाजपा के पिछड़ने का दावा कर रहे हैं.

Related Post