पटना में पहली बार FTII के सहयोग से 8 दिवसीय ‘स्क्रिप्ट टू स्क्रीन’ फिल्म मेकिंग कार्यशाला
5 अगस्त से होगा आयोजन
पटना,30 जुलाई. फिल्म निर्माण और अभिनय के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए राजधानी पटना में पहली बार भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (FTII), पुणे के सेंटर फॉर ओपन लर्निंग (CFOL) के सहयोग से आठ दिवसीय ‘स्क्रिप्ट टू स्क्रीन’ कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यशाला 5 से 11 अगस्त तक हाउस ऑफ वैरायटी, द हब (रीजेंट सिनेमा परिसर), ईस्ट गांधी मैदान, पटना में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी.


कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को फिल्म निर्माण की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है. इसमें पटकथा लेखन, निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, कैमरा संचालन, लाइटिंग, साउंड रिकॉर्डिंग, एडिटिंग तथा पोस्ट-प्रोडक्शन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा.

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि समूहों में लघु फिल्म तैयार करने का अवसर भी मिलेगा। कार्यशाला के अंत में तैयार फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी और विशेषज्ञों द्वारा उनका मूल्यांकन किया जाएगा.

अभिनय सत्र में कैमरे के सामने अभिनय की तकनीक, अभिव्यक्ति, बॉडी लैंग्वेज, चरित्र निर्माण तथा रंगमंच और कैमरा अभिनय के बीच के अंतर पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. वहीं सिनेमैटोग्राफी, साउंड डिजाइन और एडिटिंग के व्यावहारिक पहलुओं से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया जाएगा.
यह कार्यशाला अभिनय के इच्छुक युवाओं के अलावा कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स, शॉर्ट फिल्म निर्माताओं, थिएटर कलाकारों तथा मीडिया एवं मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी मानी जा रही है.
कार्यशाला के कोर्स डायरेक्टर प्रख्यात फिल्म शिक्षाविद् गिरिश जोटवाणी होंगे. प्रशिक्षण उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
कार्यशाला में भाग लेने के लिए ₹12,600 का पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है. सीमित सीटों के कारण इच्छुक प्रतिभागियों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की गई है.
PNCB
