रंगारंग प्रस्तुतियों और फैशन शो ने बांधा समां, प्रतिभाओं की चमक से जगमगाया मंच

आरा, 22 जून। शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य में अपनी अलग पहचान बना चुके भास्कर डांस स्टूडियो के एक माह लंबे समर कैंप का समापन शुक्रवार को ग्रैंड फेयरवेल समारोह के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं की प्रतिभाओं ने ऐसा रंग बिखेरा कि पूरा नागरी प्रचारिणी सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।




कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डीएसपी साइबर स्नेह सेतु, पर्यावरण प्रेमी आनंद कुमार, संस्थान के निदेशक प्रियांशु भास्कर, रंगकर्मी बिट्टू एवं ओ.पी. पाण्डेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कला देती है आत्मविश्वास और नई पहचान : स्नेह सेतु
अपने संबोधन में डीएसपी स्नेह सेतु ने कहा कि भास्कर डांस स्टूडियो जैसे संस्थान बच्चों और युवाओं की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नृत्य और कला केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भोजपुर प्रतिभाओं की धरती है और यहां के युवा भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

गणेश वंदना से शुरू हुआ सांस्कृतिक उत्सव
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना पर आधारित गीत एवं समूह नृत्य से हुई। इसके बाद बच्चों ने सामाजिक सरोकारों और भारतीय संस्कृति पर आधारित कई आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर नन्हे कलाकारों की प्रस्तुति तथा महाभारत की मंचीय झलक ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। थीम आधारित नृत्य और अभिनय ने मनोरंजन के साथ-साथ सकारात्मक संदेश भी दिया।

फैशन शो बना आकर्षण का केंद्र

समर कैंप में सीखी गई विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन प्रतिभागियों ने मंच पर किया। डांस, गायन, वादन और पेंटिंग के साथ फैशन शो ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों ने गंगा, राधा, पांचाली, महारानी जोधा और बिहार की छठ व्रती के रूप में शानदार प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई। वहीं वेस्टर्न थीम पर आधारित रैंप वॉक ने सबसे ज्यादा तालियां बटोरीं। कुछ देर के लिए पूरा सभागार किसी राष्ट्रीय फैशन शो का दृश्य प्रस्तुत करने लगा।

एक माह तक चला प्रतिभा निखारने का अभियान
समर कैंप के दौरान अमन ने पेंटिंग, मोहित ने गिटार, निधि ने फैशन शो तथा श्रेया और प्रियांशु भास्कर ने डांस का प्रशिक्षण देकर प्रतिभागियों की प्रतिभा को निखारने का कार्य किया। कार्यक्रम का संचालन अर्पिता, रौशनी, मानसी राठौर और हरिराम चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

प्रतिभागियों को मिला सम्मान
समारोह के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही यूथ फॉर सेवा की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अंत में संस्थान के निदेशक प्रियांशु भास्कर ने अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

PNCB

Related Post