भरत तिवारी की मौत फर्जी इनकाउंटर, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई – राजद
राजद जांच समिति ने परिजनों से की मुलाकात, एक करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
आरा/शाहपुर, 22 जून। भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बिलौटी गांव में कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत तिवारी के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के निर्देश पर गठित राष्ट्रीय जनता दल की उच्चस्तरीय जांच समिति सोमवार को बिलौटी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पीड़ित परिवार तथा ग्रामीणों से मुलाकात की।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं राजद के वरिष्ठ नेता उदय नारायण चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे जांच दल ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत के बाद समिति ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
“साक्ष्य बता रहे हैं, यह फर्जी इनकाउंटर है”
मीडिया से बातचीत में उदय नारायण चौधरी ने कहा कि प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और स्थानीय लोगों की जानकारी से यह मामला फर्जी पुलिस मुठभेड़ का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी नागरिक के जीवन की सुरक्षा राज्य की जिम्मेदारी है और यदि पुलिस द्वारा अधिकारों का दुरुपयोग किया गया है तो दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजद जांच समिति सभी तथ्यों को संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सौंपेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
राजद की बड़ी मांगें
जांच समिति ने राज्य सरकार से मांग की कि मामले की न्यायिक अथवा उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। समिति ने मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग उठाई।
राजद नेताओं ने कहा कि कानून-व्यवस्था के नाम पर किसी निर्दोष व्यक्ति के संवैधानिक अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पार्टी गरीब, शोषित और वंचित लोगों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी।
कोइलवर में शहीद दानिश के घर भी पहुंचा राजद प्रतिनिधिमंडल
बिलौटी दौरे के बाद राजद नेताओं का शिष्टमंडल कोइलवर पहुंचा, जहां हाल ही में विमान दुर्घटना में शहीद हुए एयरफोर्स जवान दानिश के परिजनों से मुलाकात की गई। प्रतिनिधिमंडल ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
ये नेता रहे मौजूद
जांच दल में पूर्व विधायक विजयेंद्र यादव, राम विशुन सिंह उर्फ लोहिया, मो. नवाज आलम उर्फ अनवर आलम, अरुण यादव, विधान पार्षद सोनू राय, युवा राजद प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव, जिलाध्यक्ष वीरबल यादव, बड़हरा के पूर्व प्रत्याशी रामबाबू सिंह, प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी, प्रदेश महासचिव मनोज सिंह, युवा राजद जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
