जयपुर और दरभंगा के बीच नई ट्रेन का शुभारंभ
बिहार और राजस्थान के सीएम ने रेल मंत्री के साथ दिखाई हरी झंडी
पटना।। बिहार और राजस्थान के मुख्यमंत्री के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस नई रेल सेवा (सप्ताह में छः दिन) का शुभारंभ किया. इसके साथ ही नवनिर्मित मेगा कोचिंग टर्मिनल, खातीपुरा और विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर उन्नत यात्री सुविधाओं का भी शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री, बिहार सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.


इस अवसर पर केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज राजस्थान और बिहार के मिथिला क्षेत्र की संस्कृति इस ट्रेन के माध्यम से जुडने जा रही है और बिहार चुनाव के समय प्रवासी बिहार के निवासियों से किया गया वादा भी पूरा हो रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जीे के नेतृत्व में देश में रेलवे नेटवर्क मजबूत हो रहा है और अनेक नई ट्रेनों का संचालन प्रारम्भ किया जा रहा है. उन्होंने खाटूश्याम जी आने वाले श्रृद्वालुओं की सुविधा के लिए खाटू नगरी से 11 किलोमीटर पर बनाए जाने वाले सुंदरपुरा स्टेशन की घोषणा करते हुए कहा कि आज बीकानेर से जयपुर आते समय प्रभु प्रार्थना की और स्वयं उस स्थान पर उतर कर स्टेशन भूमि को प्रणाम किया तथा निश्चिय किया कि लक्ष्यानुसार सुंदरपुरा स्टेशन का निर्माण किया जाएगा जिससे खाटूश्याम जी आने वाले यात्रियों का विशेष सुविधा प्राप्त हो सके. उन्होंने सुंदरपुरा स्टेशन के डिजायन और मानचित्र से स्टेशन को उल्लेखित भी किया. इसके साथ ही उन्होंने मेगा कोचिंग टर्मिनल के बारे में बताया कि पूरे देश में 50 मेगा कोचिंग टर्मिनलों का निर्माण किया जा रहा है जिसमें से यह प्रथम है और इस कोचिंग टर्मिनल में प्रति माह 450 ट्रेनों का अनुरक्षण किया जा सकेगा जिससे जयपुर क्षेत्र से अधिक ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा.

मुख्यमंत्री, बिहार सम्राट चौधरी ने वीडियों काॅन्फ्रेंसिंग से संबोधन में जयपुर और बिहार के लिए संचालित नई ट्रेन के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव धन्यवाद दिया और कहा कि रेल मंत्री के कार्यकाल में विगत समय में बिहार को अनेक ट्रेनों की सौगात दी गई है और आज से संचालित होने वाली इस ट्रेन से राजस्थान में आजीविका के लिए आवागमन करने वाले प्रवासी बिहारवासियों को विशेष लाभ मिलेगा. मंजू शर्मा, सांसद-जयपुर और गोपाल जी ठाकुर, सांसद-दरभंगा ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया.
इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मेगा कोचिंग टर्मिनल, खातीपुरा का निरीक्षण किया और सभी को इस कार्य के लिए बधाई दी और मेंटेनेंस सुविधाओं के और विस्तार के लिए दिशा निर्देश प्रदान किए. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होनें बताया कि यह देश का पहला मेगा कोचिंग टर्मिनल है और इसे आगामी 20 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इस मेगा टर्मिनल के निर्माण से दिल्ली, बीकानेर और जोधपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों का अनुरक्षण यहां हो सकेगा और सवाई माधोपुर मार्ग के लिए अन्य अनुरक्षण डिपो के लिए कार्य किया जा रहा है.

जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस राजस्थान और बिहार के बीच संपर्क को नई गति प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण रेल सेवा है. यह ट्रेन यात्रियों को संरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगी. विशेष रूप से रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों को इस रेल सेवा से लाभ मिलेगा. वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के लिए साप्ताहिक रेल सेवा का संचालन किया जा रहा है, इसके अतिरिक्त इस नई रेल सेवा (सप्ताह में छः दिन) से यात्री लाभान्वित होंगे.
जयपुर, अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और औद्योगिक विकास के लिए प्रसिद्ध है, वहीं दरभंगा मिथिला संस्कृति, शिक्षा और ऐतिहासिक महत्व का प्रमुख केंद्र है. यह रेल सेवा दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन को सुगम बनाते हुए सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी.
pncb
