राम कुमार सिंह के निधन पर संभावना विद्यालय में शोक सभा, विद्यालय परिवार ने दी श्रद्धांजलि

सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमिश्नर के निधन को बताया अपूरणीय क्षति, सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान को किया याद

आरा, 16 अक्टूबर। शहर के शुभ नारायण नगर, मझौंवा स्थित संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के सभागार में गुरुवार को आरा नगर रामलीला ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं सनातनी गंगा फाउंडेशन, भोजपुर के कार्यकारिणी सदस्य राम कुमार सिंह के असामयिक निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया. राम कुमार सिंह कस्टम विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे.




शोक सभा में विद्यालय परिवार के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र और प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने कहा कि राम कुमार सिंह के असामयिक निधन से विद्यालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है. वे विद्यालय परिवार के लिए एक अभिभावक के समान थे और समय-समय पर अपना मार्गदर्शन देते रहते थे.

उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी राम कुमार सिंह सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे. जिले के विभिन्न संगठनों से जुड़कर वे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे. कॉलेज के दिनों में वे एक अच्छे धावक भी थे.

शोक सभा में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक योगदान और मार्गदर्शन को याद किया.

Related Post