भोजपुर में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 ग्राम हेरोइन के साथ चार गिरफ्तार
स्विफ्ट डिजायर कार और पांच मोबाइल फोन बरामद, ड्रग्स नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

आरा,21 अगस्त. भोजपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भोजपुर पुलिस और STF की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 50 ग्राम हेरोइन/स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के निर्देशन में की गई।




गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब मादक पदार्थ के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच में जुटी है।


चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान –
राहुल यादव, पिता- कमलेश यादव, थाना- शाहपुर
रिंकू पाण्डेय, पिता- जितेन्द्र पाण्डेय, थाना- शाहपुर
रवि शंकर, पिता- शिवशंकर यादव, थाना- शाहपुर
विकास कुमार वर्मा, पिता- स्व. मोहन सोनार, थाना- करनामेपुर, जिला- भोजपुर के रूप में हुई है।

क्या-क्या हुआ बरामद?
संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 50 ग्राम हेरोइन/स्मैक जैसा मादक पदार्थ, पांच मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और वाहन के जरिए आरोपियों के संपर्कों तथा मादक पदार्थ की सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी है।

NDPS Act के तहत मामला दर्ज
मामले में सहार थाना कांड संख्या-153/26, दिनांक 20 अगस्त 2026 के तहत धारा 8(C)/21(B)/25/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और कार्रवाई की संभावना है।

भोजपुर में ड्रग्स के खिलाफ पुलिस और STF की यह कार्रवाई नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी चोट के तौर पर देखी जा रही है। नए पुलिस अधीक्षक के भोजपुर में ज्वाइन करते ही मादक पदार्थों का पकड़ा जाना जहां एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है वहीं यह भी संकेत है जिले में ड्रग्स का कारोबार भी धड़ल्ले से जारी है। देखना दिलचस्प होगा कि नव नियुक्त आरक्षी अधीक्षक कितना जल्द इनपर लगाम लगाते हैं।

PNCB

Related Post