CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी भोजपुर पुलिस

आरा. भोजपुर के कोईलवर थाना क्षेत्र स्थित कुल्हड़िया टोल प्लाजा पर गुरुवार देर रात दबंगई का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया. बिना टोल टैक्स दिए वाहन पार कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि करीब दर्जनभर लोगों ने टोल प्लाजा पर धावा बोलते हुए जमकर तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए. घटना 30 जुलाई के मध्य रात्रि की है.




टोल प्रबंधन के मुताबिक, पहले टोल गार्ड और कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और कार्यालय की खिड़कियों के शीशे, लैंप पोस्ट, गमले समेत कई संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया. प्रबंधन का दावा है कि घटना के दौरान पुलिस की गाड़ी भी मौके पर मौजूद थी, बावजूद इसके उपद्रवी बेखौफ होकर उत्पात मचाते रहे.

इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपियों ने चेतावनी दी कि आगे भी उनकी गाड़ियों को बिना टोल के गुजरने दिया जाए, अन्यथा टोलकर्मियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ जारी रहेगी.

घटना के बाद टोल प्रबंधन ने कोईलवर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने टोल प्लाजा पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुट गई है.

ट्रैफिक डीएसपी (सदर) मनोज कुमार सुधांशु ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. टोल व्यवस्था में बाधा डालने और दबंगई करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वही कोईलवर SHO नरोत्तम दास ने एक गश्ति दल को वहां नियुक्त कर दिया है और शिकायत मिलने के बाद जांच टीम को लगा दिया है.

बताया जा रहा है कि कुल्हड़िया टोल प्लाजा पर इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं. ऐसे में एक बार फिर टोलकर्मियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. सवाल यह है कि आखिर ऐसी दबंगई कौन कर रहा है?

Related Post