पार्टी प्रवक्ता और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा
पटना।। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देते हुए राजद छोड़ने की घोषणा की है. उन्होंने पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना इस्तीफा सौंप दिया.

उन्होंने कहा कि पार्टी में उन्हें उचित सम्मान नहीं मिल रहा था, जिसके कारण उन्होंने यह फैसला लिया. उन्होंने कहा, “आज पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष के साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ सदस्यों के समक्ष मैंने इस्तीफा दे दिया. मैं जनता का सेवक हूं और आखिरी सांस तक जनता का सेवक बनकर काम करता रहूंगा.” हालांकि उन्होंने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर फिलहाल कोई खुलासा नहीं किया.
मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी नेतृत्व और संगठन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ऐसे लोगों से घिरे हुए हैं जिन्होंने पार्टी को अंदर ही अंदर दीमक की तरह चाटकर बर्बाद कर दिया. बता दें कि बांकीपुर में उपचुनाव हो रहा है और उधर पार्टी के सर्वेसर्वा तेजस्वी यादव विदेश घूम रहे हैं.
pncb
