5 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर का हुआ सम्मान, विद्यालय में एनसीसी को स्थायी करने का दिया भरोसा
आरा,18 जुलाई. शहर के शुभ नारायण नगर, मझौंवा स्थित ‘शांति स्मृति’ संभावना आवासीय उच्च विद्यालय में शुक्रवार को 5 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर पुनीत श्रीवास्तव के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया. विद्यालय के निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र एवं प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने संयुक्त रूप से पुनीत श्रीवास्तव को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर कर्नल राणा प्रताप सिंह को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.

मुख्य अतिथि पुनीत श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास भी उतना ही जरूरी है. उन्होंने छात्रों से सोशल मीडिया की अनावश्यक लत से दूर रहने, स्मरण शक्ति को मजबूत बनाने और पूरी लगन के साथ अध्ययन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि “मल्टी टैलेंटेड बनिए, अपने पर्सनालिटी डेवलपमेंट पर फोकस कीजिए. मेहनत का कोई विकल्प नहीं है. भारतीय सेना में जुगाड़ नहीं, केवल परिश्रम चलता है.”


उन्होंने कहा कि संभावना विद्यालय के कैडेट्स के लिए यह गर्व की बात है कि उनकी प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह स्वयं बिहार की सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट रह चुकी हैं और आज विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं. उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया.


कमांडिंग ऑफिसर ने कहा कि एनसीसी एकता और अनुशासन की पाठशाला है, जो युवाओं को अग्निवीर सहित भारतीय सशस्त्र बलों में बेहतर अवसर प्रदान करती है. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उनका प्रयास रहेगा कि संभावना विद्यालय में एनसीसी इकाई को स्थायी मान्यता मिले, ताकि विद्यालय और कैडेट्स को सरकार की सभी सुविधाओं का लाभ मिल सके.

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि कमांडिंग ऑफिसर के आगमन से विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स में नई ऊर्जा का संचार हुआ है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और चरित्र निर्माण को भी समान महत्व दिया जाता है.

इस अवसर पर कर्नल राणा प्रताप सिंह ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी.

कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक अरविंद कुमार ओझा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के एएनओ प्रवीण कुमार सिंह ने किया. समारोह में निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र, संगीत शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, अमितेश कुमार, कला शिक्षक संजीव सिन्हा, एनसीसी की सहायक सीटीओ शीलू कुमारी, अंकित कुमार मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ.
