जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठे मंदिर, पंचवटी से मानस मंदिर तक उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

छोटी दिवाली पर हनुमान जन्मोत्सव की धूम… फूलों, आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट से सजे मंदिर, भजन और म्यूजिक जैमिंग ने बांधा समां




आरा. छोटी दिवाली और हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को आरा शहर पूरी तरह हनुमान भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही विशेष तैयारियां चलती रहीं, जबकि शाम होते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष पूजा-अर्चना, भव्य आरती और प्रसाद वितरण के बीच पूरा शहर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।

शहीद भवन के समीप स्थित पंचवटी हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंदिर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। संकटमोचन हनुमान की प्रतिमा का मनमोहक शृंगार किया गया। शाम को विशेष पूजा और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण हुआ। इस दौरान जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर मंदिर के पुजारी श्याम नारायण दुबे, अशोक यादव, फौजी यादव, वीरेंद्र सिंह, अधिवक्ता बिंदेश्वर दुबे, रमन यादव, महेश गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, शरद कुमार और मुक्ति दुबे समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

शिवगंज से रमना मैदान तक दिखा भक्ति का उल्लास

शहर के शिवगंज, पकड़ी और रमना मैदान स्थित मानस मंदिर में भी हनुमान जन्मोत्सव को लेकर विशेष सजावट की गई थी। मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर समितियों की ओर से भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई थी। पूजा और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा गया।

इस दौरान समाजसेवी एवं भाजपा नेता गुड्डू बबुआन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण में सक्रिय भागीदारी निभाई। मंदिर समिति के संजय राय, अभय विश्वास पाठक और मुख्य पुजारी सहित व्यवस्था में जुटे अन्य सदस्यों की सक्रियता देखने को मिली।

गिटार की धुन पर भक्ति संगीत… युवाओं ने बांधा समां

मानस मंदिर में इस बार भक्ति के साथ संगीत का अनूठा संगम भी देखने को मिला। युवा गायक प्रियांशु और उनकी टोली ने गिटार के साथ भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। म्यूजिक जैमिंग के इस विशेष आयोजन ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक भक्ति संगीत के साथ युवाओं की आधुनिक संगीत प्रस्तुति ने माहौल को और भी खास बना दिया।

युवा कलाकारों की इस पहल से उत्साहित मंदिर समिति की ओर से गुड्डू बबुआन ने सभी कलाकारों को चुनरी देकर सम्मानित किया। वहीं मंदिर के पुजारी ने गुड्डू बबुआन को चुनरी और भगवान हनुमान का प्रतीक गदा भेंट कर सम्मानित किया।

कुल मिलाकर, आरा में हनुमान जन्मोत्सव केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि श्रद्धा, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकजुटता का जीवंत उत्सव बन गया। मंदिरों में उमड़ी भीड़ और युवाओं की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने शहर में भक्ति की एक अलग ही छटा बिखेर दी।

PNCB

Related Post