छठ के गीत में गूंजेगी रिश्तों की संवेदना, ‘बबुआ देलें बिसराई’ का लोकार्पण करेंगे राज्यपाल

कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी समेत कई गणमान्य हस्तियां रहेंगी मौजूद

पटना, 3 नवंबर। छठ महापर्व की लोकआस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक संवेदनाओं को समर्पित विशेष छठ गीत ‘बबुआ देलें बिसराई’ का भव्य लोकार्पण मंगलवार को पटना स्थित बिहार म्यूजियम में होगा। मणिषा श्रीवास्तव ऑफिशियल की इस विशेष प्रस्तुति का लोकार्पण बिहार के महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन के करकमलों से किया जाएगा।

3 नवंबर को अपराह्न 4 बजे आयोजित इस समारोह में बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। बिहार विधान परिषद के सदस्य डॉ. संजय मयुख की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

कार्यक्रम के स्वागतकर्ता बिहार संग्रहालय, पटना के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा हैं, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी लोकगायिका मनीषा श्रीवास्तव निभा रही हैं।

‘बबुआ देलें बिसराई’ शीर्षक से तैयार यह गीत केवल छठ की पारंपरिक भक्ति और आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से लोकजीवन की सामाजिक संवेदनाओं को भी अभिव्यक्त करने का प्रयास किया गया है। छठ महापर्व के अवसर पर इस तरह की सांस्कृतिक प्रस्तुति बिहार की लोकपरंपरा, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक सरोकारों को संगीत के माध्यम से सामने लाने की एक पहल है।
बिहार म्यूजियम, नेहरू पथ (बेली रोड), पटना में आयोजित इस समारोह में कला, संस्कृति, साहित्य और संगीत जगत से जुड़ी हस्तियों सहित कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। आयोजक मनीषा श्रीवास्तव ने सभी से समारोह में शामिल होकर इस सांस्कृतिक अवसर की शोभा बढ़ाने की अपील की है।




Related Post