AIM डांस अकादमी के समर कैंप में बच्चों ने मंच पर बिखेरा ऐसा जादू, तालियों से गूंज उठा सभागार

आरा,1 जुलाई। अगर प्रतिभा को सही मार्गदर्शन और मंच मिल जाए तो वह अपनी अलग पहचान बना ही लेती है। इसका जीवंत उदाहरण शनिवार को आरा के नागरी प्रचारिणी सभागार में देखने को मिला, जहां AIM डांस अकादमी के 30 दिवसीय समर कैंप का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। बच्चों की प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा कि कभी पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा तो कभी भावनात्मक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं।




समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु सिंह, भोजपुर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अन्नूप्रिया तथा सामाजिक कार्यकर्ता एवं आईटी शिक्षक डॉ. विकास कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

“बच्चों की प्रतिभा को नई दिशा दे रही है अकादमी”

मुख्य अतिथि विष्णु सिंह ने कहा कि AIM डांस अकादमी वर्षों से बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने का सराहनीय कार्य कर रही है। ऐसे प्रयास ही भोजपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

वहीं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अन्नूप्रिया ने कहा कि एक ही परिसर में डांस, मेहंदी, पेंटिंग, गिटार और ब्यूटीशियन जैसी कई विधाओं का प्रशिक्षण देना अकादमी की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कलाकारों के हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

गणेश वंदना से शुरुआत, बॉलीवुड से लेकर सामाजिक संदेश तक की प्रस्तुति

कार्यक्रम का आगाज विघ्नहर्ता गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद ‘पद्मावती’, ‘द जर्नी ऑफ बॉलीवुड’, ‘भूत राजा’ और ‘मस्ती की पाठशाला’ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। हर प्रस्तुति में बच्चों का आत्मविश्वास और 30 दिनों की मेहनत साफ दिखाई दी।

30 दिन में तैयार हुए नए कलाकार

समर कैंप में बच्चों को डांस, मेहंदी, ब्यूटीशियन, पेंटिंग और गिटार का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों में सोनू आर्य (डांस), तृप्ति जैन (मेहंदी), रीना कुमारी (ब्यूटीशियन), आयुष कुमार (पेंटिंग) और शुभम कुमार (गिटार) शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन ओ.पी. कश्यप ने किया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में करण सिन्हा, सुरेश कुमार और विशाल सर का विशेष योगदान रहा।

इन प्रतिभाओं को मिला सम्मान

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

ब्यूटीशियन: प्रथम- नेहा, द्वितीय- सोनम, तृतीय- नीतू एवं स्वाति गुप्ता।

मेहंदी: प्रथम- अन्नपूर्णा, द्वितीय- सिद्धि, तृतीय- नेहा।

गिटार: प्रथम- विनीत, द्वितीय- सैना, तृतीय- सिद्धि।

पेंटिंग: प्रथम- सौरभ, द्वितीय- अमन, तृतीय- तनिष्का, चतुर्थ- अंशिका एवं पंचम- आरोही।

कार्यक्रम के अंत में अकादमी की ओर से सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने कहा कि आगे भी इस तरह के प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर जिले की नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

PNCB

Related Post