पटना।। पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में खेले गए बीसीए महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल मुकाबले में बीसीए महिला अंडर-19 टीम बी ने बीसीए महिला अंडर-19 टीम एफ को 39 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बीसीए महिला अंडर-19 टीम बी ने 40 ओवर में 2 विकेट पर 276 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम बी की ओर से अनु सिंह कुशवाहा ने 105 गेंदों में 104 रन की शतकीय पारी खेली, जिसमें 17 चौके शामिल रहे। कप्तान दीपा ने 78 गेंदों में नाबाद 99 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे और नेहा यादव ने 24 रन बनाया.
गेंदबाजी में बीसीए महिला अंडर-19 टीम एफ की सिद्धि कुमारी और प्रिया राज को 1-1 विकेट मिला. 277 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए महिला अंडर-19 टीम एफ ने 37.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 237 रन बनाए। टीम एफ की ओर से एकता राज ने 46 गेंदों में 54 रन, शिवी सिंह ने 67 गेंदों में 51 रन और प्रतिभा ने 37 गेंदों में 36 रन बनाए.

वहीं बीसीए महिला अंडर-19 टीम बी की गेंदबाजी में कहकशां ने 8 ओवर में 44 रन देकर 2 विकेट, तेजस्वनी ने 6.5 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट, साक्षी सिंह ने 7 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट और खुशी तथा अन्नू को 1-1 विकेट मिला. इस फाइनल मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में अपनी-अपनी टीमों के लिए प्रभावी प्रदर्शन किया.
pncb
