नर्वदेश्वर शुक्ल अध्यक्ष और प्रदीप भास्कर बने महासचिव

पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और हितों के मुद्दों को मजबूती से उठाने का लिया गया संकल्प

आरा, 7 अक्टूबर। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की दिशा में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा आयोग की जिला इकाई के गठन को लेकर आरा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मंगलवार को भास्कर डांस स्टूडियो, पकड़ी, आरा के प्रांगण में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नर्वदेश्वर शुक्ल ने की।

बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े विषयों, कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों, संगठन के विस्तार तथा जिला स्तर पर आयोग को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान जिला इकाई के गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।

प्रस्ताव के अनुसार नर्वदेश्वर शुक्ल को जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप भास्कर को महासचिव, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कुमार राजीव नयन एवं अजय कुमार गांधी को उपाध्यक्ष, ओम प्रकाश पाण्डेय को सचिव तथा सूबेदार एकराम सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।




बैठक में एकराम सिंह, राजीव नयन अग्रवाल, लक्ष्मण सिंह, ओ. पी. पाण्डेय, प्रियांशु भास्कर, तिरुपति नाथ उर्फ मनोज श्रीवास्तव, अजय कुमार गांधी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं। समाचार संकलन और जनसमस्याओं को सामने लाने के दौरान पत्रकारों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत संगठनात्मक व्यवस्था जरूरी है।

सदस्यों ने कहा कि आयोग पत्रकारों के हितों से जुड़े मामलों को गंभीरता से उठाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित स्तर पर आवाज बुलंद करेगा। साथ ही पत्रकारों के बीच समन्वय बढ़ाने और जिला स्तर पर संगठन का विस्तार करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों ने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा आयोग को जिला स्तर पर मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

PNCB

Related Post