रेलवे की चेतावनी, ट्रायल रन के दौरान रेलवे लाइन से रहें दूर
हाजीपुर: 07.10.2026।। पटना में नवनिर्मित 20 किमी लंबे नेउरा-जटडुमारी रेलखंड पर दिनांक 08.10.2026 को संरक्षा आयुक्त (रेलवे), पूर्वी परिमंडल, कोलकाता द्वारा निरीक्षण किया जायेगा तथा निरीक्षण के उपरांत विशेष ट्रेन द्वारा स्पीड ट्रायल किया जायेगा.

रेलवे ने इसे लेकर लोगों को चेतावनी जारी कर कहा है कि गुरुवार आठ अक्टूबर को निरीक्षण के दौरान रेलवे लाइन से दूर रहें. इसकी अवहेलना करने पर यदि किसी भी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसके लिए रेल प्रशासन जिम्मेवार नहीं होगा.

बता दें कि 42 किलोमीटर लंबे नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन परियोजना के तहत पहले चरण में 22.74 किमी लंबे जट डुमरी से दनियावां तक का कार्य पूरा होने के उपरांत उस पर ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. परियोजना के दूसरे चरण में शेष 20 किलोमीटर लंबे जट डमुरी से नेउरा तक कार्य पूर्ण होने के उपरांत कल दिनांक 08.10.2026 को सीआरएस निरीक्षण किया जाएगा.

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने कहा कि यह परियोजना नेउरा-दनियावां-बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा नई लाइन का एक हिस्सा है और यह लाइन इस क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही दानापुर-पटना-किउल-झाझा मुख्य लाइन के बाइपास लाइन के रूप में कार्य करेगी जो अत्यधिक भीड़भाड़ वाला रेलखंड है.
pncb
