45,900 रुपये उड़ाने वाली 5 शातिर महिलाएं गिरफ्तार
RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई में महाराष्ट्र के अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा,
चोरी की नकदी और संदिग्ध सोने का लॉकेट बरामद
आरा, 6 अगस्त. आरा रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह का आरपीएफ और जीआरपी ने भंडाफोड़ किया है। “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत की गई संयुक्त कार्रवाई में महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली पांच शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से चोरी की ₹45,900 की नकदी, लाल रंग का पर्स और एक संदिग्ध सोने का लॉकेट बरामद किया गया है।

घटना उस समय हुई जब पटना निवासी प्रकाश कुमार अपने परिवार को 13041 एक्सप्रेस के ए-1 कोच में बैठा रहे थे। इसी दौरान महिलाओं ने घेराबंदी कर उनकी मां के पर्स से ₹45,900 नकद उड़ा लिए। पीड़ित के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांचों महिलाओं को दबोच लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने अपनी पहचान सोनू गौतम नाड़े, नयना शंकर नाड़े, खुशबू, शेषकला और वनिता के रूप में बताई। सभी महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली हैं। तलाशी के दौरान चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली गई। एक महिला के पास से सोने जैसा प्रतीत होने वाला लॉकेट भी मिला, जिसका वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
जांच में महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों, खासकर महिलाओं, को निशाना बनाती थीं और भीड़ का फायदा उठाकर पर्स व कीमती सामान चोरी करती थीं।
आरपीएफ और जीआरपी ने सभी आरोपित महिलाओं को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में इसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
PNCB
