लोक परंपराओं के रंग में रंगा होली मिलन, एक परिवार की तरह जुटे सदस्य

आरा, 28 फरवरी। शहर के लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए प्रतिदिन प्रेरित करने वाले सनातन योग संस्थान आरा द्वारा शुक्रवार देर रात मिश्र टोला में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक फगुआ गीतों की मधुर प्रस्तुति ने पूरे माहौल को उत्सवी रंगों से सराबोर कर दिया। होली मिलन के इस कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों को भोजपुर की शान गमछा से सम्मानित किया गया।

समारोह में गायक विशेश्वर लाल सिन्हा ने अपनी मधुर आवाज में पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-अबीर के साथ संस्थान की ओर से होली के पारंपरिक मिष्ठान मालपुआ और ठंडई की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।




बताया गया कि संस्थान के सदस्य पूरे वर्ष रमना मैदान में नियमित योगाभ्यास करते हैं। मौसम चाहे जाड़ा हो, गर्मी या बरसात, सभी सदस्य एक परिवार की तरह मिलकर हर छोटे-बड़े त्योहार और लोक परंपरा को उत्साह के साथ मनाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चियों ने भी “रंग बरसे चुनरिया अंगना में”, “पीछे ली हरदिया ब्रिज में होली खेले रंग रसिया” सहित कई पारंपरिक और लोक गीत प्रस्तुत कर सबका दिल जीत लिया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।

संस्थान लोक परंपराओं के संरक्षण और उन्हें जीवित रखने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। खास बात यह है कि इसमें अधिकांश सदस्य सेवानिवृत्त लोग हैं, जिनके साथ उनकी पूरी पारिवारिक भागीदारी भी देखने को मिलती है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे

इस अवसर पर अध्यक्ष विनय ओझा, सचिव विशेश्वर लाल सिन्हा, कोषाध्यक्ष जीतन पाण्डेय, अजय कुमार, अशोक सिंह, लाल सिंह, सुमेश्वर लाल, विजय सिंह, राधामोहन मिश्रा, अनिल सिंह, प्रीति, विभा, मनीषा, रूपा, जया, पलक, साधुआईन, पुष्पा, बेबी और कंचन वर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आरा में पारंपरिक होली की खुशबू, लोकगीतों की मधुरता और सामूहिक उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला।

PNCB

Related Post