दिसंबर में होगा सीतोत्सव

आरा में सनातनी गंगा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत, 13 से 23 दिसंबर तक होगी ‘श्रीलंका की खोज एवं श्री रामायण दिव्य यात्रा-2026’

आरा,16 सितंबर. शहर के शुभ नारायण नगर, मझौंवा स्थित संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के जुबली हॉल में सनातनी गंगा फाउंडेशन की भोजपुर इकाई की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण कुमार ने की. इस दौरान भोजपुर इकाई की अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण कुमार को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. वहीं बिहार राज्य के अध्यक्ष सुजीत कुमार कसेरा को भोजपुर के महासचिव शंभू चौरसिया ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया.

बैठक के दौरान कैप्टन प्रवीण कुमार ने आगामी ‘श्रीलंका की खोज एवं श्री रामायण दिव्य यात्रा-2026’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सनातनी गंगा फाउंडेशन की ओर से आगामी 13 से 23 दिसंबर 2026 तक श्रीलंका की यात्रा आयोजित की जाएगी. इस यात्रा के दौरान 17 से 19 दिसंबर तक श्रीलंका स्थित अशोक वाटिका में सीतोत्सव का आयोजन किया जाएगा.




सीता से जुड़े स्थलों का होगा दर्शन

कैप्टन प्रवीण कुमार ने बताया कि यात्रा के दौरान माता सीता से जुड़े माने जाने वाले विभिन्न स्थलों का दर्शन किया जाएगा. इनमें सीता कोटुवा, सीता अम्मन मंदिर और अशोक वाटिका प्रमुख हैं. इसके अलावा दियूरुम्पोला का भी भ्रमण किया जाएगा, जिसे परंपरागत रूप से माता सीता की अग्नि परीक्षा से जोड़ा जाता है.

सीतोत्सव के दौरान ‘रन फॉर मां सीता’ और ‘डांस फॉर मां सीता’ सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. यात्रा में राम्बोड़ा स्थित श्री भगवान हनुमान मंदिर का भी दर्शन कराया जाएगा, जिसे स्थानीय परंपराओं के अनुसार हनुमान जी के श्रीलंका में प्रथम चरण रखने के स्थान के रूप में माना जाता है.

इसके अलावा यात्रा के दौरान राजा रावण से जुड़े माने जाने वाले विभिन्न स्थलों का भी भ्रमण किया जाएगा. आयोजकों के अनुसार यात्रा का उद्देश्य श्रीरामायण से जुड़े स्थलों, भारतीय संस्कृति और परंपराओं से लोगों को परिचित कराना है.

बैठक में शंभू चौरसिया, अवधेश पांडेय, मनोज कुमार सिंह, राम कुमार सिंह, डॉ. संदीप कुमार, राम अनूज सिंह, आनंद कुमार, विष्णु शंकर, अखिलानंद ओझा, रिशु सिन्हा, विवेक तिवारी, दीप कुमार, नवीन कुमार, अवनीश कुमार, संजीव सिंह एवं दयाशंकर समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

आरा से ओ पी पाण्डेय की रिपोर्ट

Related Post