12.53 किलो गांजा और 10.52 लाख रुपये बरामद, तीन गिरफ्तार
आरा। भोजपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर 12.53 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ, 10 लाख 52 हजार 500 रुपये नकद, दो मोबाइल, एक मैगजीन तथा करीब 99.94 ग्राम वजन का सोना जैसा पदार्थ बरामद किया है।
भोजपुर पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 04 सितंबर 2026 को आरा नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धरहरा-जमीरा रोड में स्टेशनरी दुकान की आड़ में अवैध रूप से गांजा बेचा जा रहा है।

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए सदर-01 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने धरहरा-जमीरा रोड स्थित उक्त स्टेशनरी दुकान पर छापेमारी कर मुख्य आरोपी अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू को पकड़ा। तलाशी के दौरान दुकान से करीब 360 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ, 10,098 रुपये नकद और दो मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके कथित आपूर्तिकर्ताओं अभिषेक कुमार उर्फ सोनू और राहुल पटेल उर्फ गुड्डू, दोनों निवासी शिवगंज, आरा नगर, के घरों पर भी छापेमारी की गई।
पुलिस का दावा है कि दोनों के घरों की तलाशी के दौरान विभिन्न पैकेटों और बोरियों में कुल 12.53 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ, 10 लाख 52 हजार 500 रुपये नकद, करीब 99.94 ग्राम का सोना जैसा पदार्थ, एक मैगजीन और अन्य सामग्री बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी
अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू, पिता– चंदेश्वर यादव, निवासी इब्राहिमनगर
अभिषेक कुमार उर्फ सोनू, पिता– अशोक चौधरी, निवासी शिवगंज, बीएसएनएल गली
राहुल पटेल उर्फ गुड्डू, पिता– अशोक चौधरी, निवासी शिवगंज, बीएसएनएल गली, आरा
मामले में आरा नगर थाना कांड संख्या 606/26, दिनांक 04.09.2026 के तहत NDPS Act की धारा 8(c)/20(b)(ii)(B)/29 एवं Arms Act की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
PNCB
