दशहरा से पहले शुरू हुआ शहर का नया नाइट हैंगआउट स्पॉट, रमना मैदान का दिखेगा खूबसूरत नजारा
आरा। भादो का महीना… आमतौर पर इस दौरान नए काम की शुरुआत और उद्घाटन से लोग बचते हैं। लेकिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्मदिन यानी जन्माष्टमी ऐसा शुभ अवसर है, जिसे नए कार्य की शुरुआत के लिए विशेष माना जाता है। यही वजह रही कि कई महीनों से तैयार हो रहे मिडनाइट कैफे के उद्घाटन के लिए जन्माष्टमी का दिन चुना गया।
शहर के दक्षिणी रमना रोड स्थित होटल कान्हा रेसिडेंसी में जन्माष्टमी के अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मिडनाइट कैफे का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही आरा शहर को देर रात तक बैठने, खाने-पीने और शहर की खूबसूरत रोशनी का आनंद लेने के लिए एक नया स्पॉट मिल गया है।
दशहरा का इंतजार क्यों नहीं?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भादो मास में सामान्य तौर पर नए कार्यों की शुरुआत नहीं की जाती। ऐसे में अगर जन्माष्टमी नहीं होती तो नए प्रतिष्ठान के उद्घाटन के लिए दशहरा तक इंतजार करना पड़ता। लेकिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को शुभ मानते हुए होटल प्रबंधन ने इसी दिन कैफे की शुरुआत करने का निर्णय लिया।

इसका एक फायदा यह भी होगा कि दशहरा से पहले ही शहर के लोगों को कैफे की खूबियों और सुविधाओं को जानने का मौका मिल जाएगा। दशहरा के दौरान जब आरा में आसपास के क्षेत्रों और दूसरे शहरों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे, तब यह कैफे उनके लिए भी एक नया आकर्षण बन सकता है।
रमना मैदान का नजारा और रात का माहौल… बनेगा खास अनुभव
मिडनाइट कैफे की खासियत सिर्फ इसका नाम नहीं, बल्कि इसका माहौल और लोकेशन भी है। यहां बैठकर लोग खाने-पीने के साथ रमना मैदान और आरा शहर का ऊपरी नजारा देख सकेंगे।

कैफे में खास तौर पर मॉकटेल और कॉफी की व्यवस्था की गई है। देर शाम और रात में शहर की रोशनी के बीच दोस्तों के साथ बैठना हो, परिवार के साथ समय बिताना हो या फिर शहर से बाहर से आए मेहमानों को कुछ अलग अनुभव कराना हो तो यह जगह एक नया विकल्प देने की कोशिश करती है।
कान्हा के नाम पर होटल, जन्माष्टमी पर नई शुरुआत
होटल कान्हा रेसिडेंसी के एमडी सुदीप कुमार ने बताया कि होटल का नाम भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर रखा गया है इसलिए जन्माष्टमी के मौके पर इसी आस्था और श्रद्धा के कारण हर वर्ष होटल में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा । जन्माष्टमी उनके लिए केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था से जुड़ा विशेष अवसर है। इसी कारण इस दिन पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के साथ मिडनाइट कैफे की शुरुआत को भी खास बनाया गया।

जन्माष्टमी के अवसर पर होटल परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा की गई। इसके बाद पूरी, सब्जी और हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। होटल प्रबंधन के अनुसार करीब 2,500 लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी और बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
अब नजर दशहरा पर है, जब आरा में मेले और उत्सव का माहौल होगा और शहर आने वाले लोगों के बीच यह नया मिडनाइट कैफे कितना आकर्षण पैदा करता है, यह देखने वाली बात होगी।
PNCB
