
पटना।। बिहार में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. आपदा प्रबंधन विभाग ने आज बड़ी चेतावनी जारी की है. जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पटना के गांधी घाट पर आज रात और हाथीदह (मोकामा) में कल 4 सितंबर को दोपहर में गंगा नदी का जलस्तर उच्चतम बाढ़ स्तर (Highest Flood Level – HFL) को पार कर सकता है.

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विभाग ने भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद जिलों के नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे पूरी सतर्कता बरतें और कोई जोखिम न लें.

आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी किए 8 जरूरी निर्देश:
- नदी, घाट, तटबंध और निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से न जाएं.
- बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें.
- प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित स्थान और राहत शिविरों की जानकारी रखें और जरूरत पड़ने पर वहां चले जाएं.
- नदी में स्नान, तैराकी, नाव से घूमना और सेल्फी लेने जैसी खतरनाक गतिविधियों से बिल्कुल बचें.
- जरूरी दस्तावेज, दवाइयां, मोबाइल, टॉर्च, पीने का पानी और जरूरी सामान सुरक्षित और आसानी से ले जाने योग्य रखें.
- अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें
- जलस्तर बढ़ने या बाढ़ की स्थिति में प्रशासन और बचाव दल के निर्देशों का तुरंत पालन करें.
- किसी भी आपात स्थिति में 1070 नंबर पर तुरंत सूचना दें. यह राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र का नंबर है.
pncb
