आरा की बेटी निशु ने रचा इतिहास, CBSE ईस्ट जोन आर्चरी में जीता सिल्वर; नेशनल के लिए चयन

पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल कर संभावना आवासीय उच्च विद्यालय का बढ़ाया मान, स्कूल में हुआ भव्य सम्मान समारोह




आरा, 1 अगस्त. भोजपुर के संभावना आवासीय उच्च विद्यालय की छात्रा निशु कुमारी ने सीबीएसई ईस्ट जोन आर्चरी चैंपियनशिप-2026-27 में शानदार प्रदर्शन कर जिले और बिहार का नाम रोशन किया है। झारखंड के रांची स्थित नामकुम के टुरीईन वर्ल्ड स्कूल में 27 से 30 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में निशु ने ईस्ट जोन में द्वितीय स्थान हासिल करते हुए सिल्वर मेडल जीता। इसके साथ ही वह पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ी बनीं। इस उपलब्धि के बाद उनका चयन राष्ट्रीय आर्चरी प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शुक्रवार को शुभ नारायण नगर, मझौंवा स्थित संभावना आवासीय उच्च विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक अरविंद कुमार ओझा ने किया।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। संभावना विद्यालय से छह छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें निशु कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 30 मीटर रेंज में गोल्ड, 20 मीटर रेंज में ब्रॉन्ज और 10 मीटर रेंज में सिल्वर मेडल जीता। ओवरऑल प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने ईस्ट जोन में सिल्वर मेडल हासिल किया।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में पूरे बिहार से सिर्फ संभावना आवासीय उच्च विद्यालय को ही पदक मिला है, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है।

विद्यालय के निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र ने निशु और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। उन्हें विश्वास है कि निशु राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और बिहार का नाम रोशन करेंगी।

प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से अंडर-17 वर्ग में निशु कुमारी और कनिष्क कुमार, जबकि अंडर-14 वर्ग में सन्नी कुमार, आयुष्मान सिन्हा, आर्यन सिन्हा एवं जया कुमारी ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों को योग शिक्षक शशिभूषण और पीटीआई शिलु कुमारी ने प्रशिक्षण दिया।

Related Post