NDA पर बरसे धनंजय यादव और हकीम प्रसाद
आरा,12 मई। आरा-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक बयानबाज़ी चरम पर पहुंच गई। एक ओर वार्ड पार्षद ने दल बदलने वाले नेताओं पर हमला बोलते हुए जनता से “राजनीतिक जवाब” देने की अपील की, वहीं दूसरी ओर राजद के वरिष्ठ नेता ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी राजनीति अब “तोड़फोड़ और भ्रम फैलाने” तक सीमित रह गई है।
धनंजय यादव ने दावा किया कि आरा सदर के 363 वोटों में इंडिया गठबंधन करीब 200 वोटों से आगे रहेगा और की जीत बड़े अंतर से तय दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि आरा और बक्सर दोनों क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधियों ने मन बना लिया है कि इस बार समाज के बीच रहने वाले उम्मीदवार को ही समर्थन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि“10-12 वर्षों से जनता को ठगने वाले नेता अब फिर चेहरा बदलकर वोट मांग रहे हैं। चुनाव आते ही दल बदलकर कुर्सी बचाने वाले नेताओं को इस बार जनता सबक सिखाएगी।”इसी बीच जब राजद के वरिष्ठ नेता हकीम प्रसाद से यह पूछा गया कि उनके बड़े भाई के परिवार का सदस्य दूसरी पार्टी में उम्मीदवार है, तो क्या वे पार्टी उम्मीदवार की जगह अपने भतीजे के लिए समर्थन मांग रहे हैं? इस सवाल पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी।

हाकिम प्रसाद ने कहा कि“मीडिया के कुछ लोग ऐसे बेतुके सवाल पूछकर रिश्तों में अविश्वास पैदा करना चाहते हैं। साथ ही पार्टी के बीच भी इसे भ्रामक बनाना चाहते हैं। मेरी राजनीति विचारधारा की राजनीति है, रिश्तेदारी की नहीं।”उन्होंने भाजपा और NDA गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा, कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों की राजनीति खत्म हो चुकी है। अब उनके पास कोई विचारधारा नहीं बची है। केवल तोड़फोड़, भ्रम और सत्ता बचाने की राजनीति रह गई है। जनता बहुत जल्द इसका जवाब देगी।
हाकिम प्रसाद ने साफ कहा कि वे पूरी मजबूती से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार सोनू राय के लिए प्रचार कर रहे हैं क्योंकि सोनू राय जमीन से जुड़े और समाज में सक्रिय व्यक्ति हैं। सोनू राय वर्षों से बिना किसी पद के जनता के बीच रहकर सेवा कर रहे हैं। उनके पिता ने भी आरा-बक्सर क्षेत्र में ईमानदारी और साफ छवि के साथ जो काम किया, उसी का असर है कि आज भी परिवार लोगों के दिलों में बसा हुआ है।
जब उनसे पूछा गया कि यदि उनके भतीजे चुनाव जीत जाते हैं तो क्या वे उन्हें आशीर्वाद देंगे, इस पर उन्होंने दो टूक जवाब दिया “मुझे खुशी तब होगी जब सोनू राय चुनाव जीतेंगे।”
प्रचार थमने से ठीक पहले आए इन तीखे बयानों ने आरा-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव का राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है। अब निगाहें आज होने वाले मतदान पर टिक गई हैं, जहां जनता का फैसला कई राजनीतिक चेहरों का भविष्य तय करेगा।
