भोजपुर में 50 हजार के इनामी लिली सिंह के घर पुलिस ने चस्पाया इश्तेहार, कई संगीन मामलों में है फरार
आरा/भोजपुर। भोजपुर जिले में फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में सहार थाना क्षेत्र के एकबारी गांव निवासी 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त लिली सिंह के पैतृक आवास पर पुलिस ने न्यायालय के आदेशानुसार इश्तेहार चस्पा किया है।


भोजपुर पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सहार थाना कांड संख्या 117/26 में फरार चल रहे अभियुक्त लिली सिंह के खिलाफ न्यायालय से इश्तेहार जारी किया गया था। मंगलवार को पुलिस ने उसके पैतृक आवास पर विधिवत इश्तेहार चस्पा कर तामिला की कार्रवाई पूरी की।
कई संगीन मामलों में वांछित है लिली सिंह
पुलिस के मुताबिक, लिली सिंह के खिलाफ सहार, इमादपुर और नारायणपुर थानों में कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2024, 2025 और 2026 में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।


सहार थाना कांड संख्या 117/26 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
भोजपुर पुलिस ने आम लोगों से फरार अभियुक्त के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, लिली सिंह के बारे में किसी भी तरह की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना अथवा भोजपुर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031826677 पर जानकारी दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को फरार इनामी अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
PNCB
