राइफल से गोली चलने की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस
आरा, 12 अक्टूबर . भोजपुर जिले के संदेश थाना परिसर स्थित बैरक में रविवार रात गोली चलने से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी तरह का विवाद सामने नहीं आया है.

मृत जवान की पहचान 25 वर्षीय मोनल कुमार राय के रूप में हुई है. वह सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव के रहने वाले थे और संदेश थाने में तैनात थे.
इलाज के लिए ले जाने के दौरान मौत
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे बैरक में हुई घटना में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल संदेश रेफरल अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर किया गया. हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. बाद में आरा के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसा या विवाद के दौरान चली गोली, जांच जारी
घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. गोली किन परिस्थितियों में चली, क्या यह दुर्घटनावश फायरिंग थी या इसके पीछे जवानों के बीच हुआ विवाद कोई बड़ी वजह बना, इन बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है. घटना के समय बैरक में मौजूद लोगों और सर्विस राइफल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित ने मामले की जानकारी ली है. फिलहाल, घटना की वास्तविक वजह और इसमें किसी की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
PNCB
