सरकार ने शिक्षकों को दिया सकारात्मक आश्वासन
शिक्षामंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे गया शिक्षक MLC जीवन कुमार और तिरहुत स्नातक प्रत्याशी अभिषेक झा ने जूस पिलाकर कराया अनशन समाप्त
पटना। सातवें वेतनमान के अनुरूप पूर्ण वेतन संरचना की मांग को लेकर गर्दनीबाग धरना स्थल पर 2 अक्टूबर से चल रहा शिक्षकों का अनिश्चितकालीन अनशन रविवार शाम समाप्त हो गया. सरकार के साथ तीसरे राउंड की वार्ता सफल होने के बाद शिक्षामंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा MLC जीवन कुमार एवं तिरहुत स्नातक प्रत्याशी अभिषेक झा अनशन स्थल पर पहुंचे और अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया.

इस दौरान MLC जीवन कुमार ने कहा कि शिक्षामंत्री से उनकी विस्तृत वार्ता हुई है. शिक्षकों की सातवें वेतनमान सहित सभी मांगों पर सरकार सकारात्मक है. बहुत जल्द विभागीय स्तर पर ठोस निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने अनशनकारी शिक्षकों के जज्बे को सलाम करते हुए आंदोलन वापस लेने की अपील की.
तिरहुत स्नातक प्रत्याशी अभिषेक झा ने कहा कि राज्यकर्मी शिक्षकों को उनका वाजिब हक दिलाने के लिए वह शुरू से शिक्षकों के साथ खड़े हैं. सरकार शिक्षकों के हित में फैसला लेगी, इसका आश्वासन मिला है.

बता दें कि बिहार स्टेट टीचर्स एसोसिएशन (गोपगुट) के बैनर तले चंदन पटेल, सत्यनारायण सिंह, विकास राणा, संतोष कुमार एवं पवन पासवान अनशन पर बैठे थे. अनशन के समर्थन में बिहार के कई शिक्षक संगठनों ने समर्थन दिया था.
अनशन समाप्त होने पर प्रदेश अध्यक्ष मार्कण्डेय पाठक एवं प्रदेश प्रवक्ता अश्विनी पाण्डेय ने कहा कि सरकार के आश्वासन पर हमने अनशन स्थगित किया है. अगर तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और बड़े पैमाने पर फिर शुरू किया जाएगा.
RK
