फेसबुक लाइव’ वीडियो गायब होने पर भी गरमाई बहस

नई दिल्ली/आरा,18 जुलाई। देश की राजधानी नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले को लेकर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे समर्थकों ने धरना-प्रदर्शन कर न्याय की मांग बुलंद की. प्रदर्शन में भरत तिवारी की मां और बहन भी शामिल हुईं. दोनों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी.




धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने इसे केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि न्याय और कानून के शासन की लड़ाई बताया.

इधर, आरा में चल रही राज्य सरकार द्वारा गठित न्यायिक जांच आयोग की सुनवाई के दौरान भी मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. आयोग के समक्ष पीड़ित परिवार के साथ-साथ आरोपी पक्ष के पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं.

इस बीच पर्यावरण कार्यकर्ता रमेश कुमार सुदामा ने आयोग के समक्ष एक नया मुद्दा उठाते हुए कहा कि भरत तिवारी के फेसबुक अकाउंट से आत्मसमर्पण से जुड़ा कथित लाइव वीडियो अब दिखाई नहीं दे रहा है. उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए इसकी तकनीकी जांच कराने की मांग की और आशंका जताई कि यदि डिजिटल साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ हुई है तो इससे जांच प्रभावित हो सकती है.

हालांकि, इस पूरे विवाद पर भोजपुर पुलिस ने 16 जुलाई को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सोशल मीडिया पर चल रही खबरों का खंडन किया है. पुलिस का कहना है कि भरत तिवारी के सोशल मीडिया अकाउंट से किसी भी पोस्ट या वीडियो को हटाने या डिलीट कराने के लिए पुलिस की ओर से कोई अनुरोध नहीं किया गया. पुलिस के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट को प्रिजर्व (Preserve) कराया गया है तथा अनुसंधान के दौरान उसके पिछले छह माह का पूरा डिजिटल डेटा पहले ही सुरक्षित कर लिया गया था, ताकि किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो सके.

एक ओर जंतर-मंतर से न्याय की मांग तेज हो रही है, तो दूसरी ओर न्यायिक आयोग के समक्ष सुनवाई और डिजिटल साक्ष्यों को लेकर उठे सवाल इस चर्चित मामले को और अधिक संवेदनशील बना रहे हैं. अब सभी की निगाहें आयोग की अंतिम रिपोर्ट और उससे निकलने वाले निष्कर्षों पर टिकी हैं. लोगों के बीच चर्चाएं आम है कि बिहार के कई चर्चित कांडों की तरह इस कांड की भी लीपापोती हो जाएगी.

Related Post