छोटे से गांव से बड़ा कमाल: अक्षत आनंद बने बिहार के टॉपर
आरा, 3 फरवरी(ओ पी पाण्डेय). कहते हैं कि मेहनत हमेशा रंग लाती है। यह सिर्फ प्रोत्साहन देने वाली बात नहीं, बल्कि जीवन की सच्चाई है. इसी सच को साबित करते हुए बिहार सरकार के अधीन संचालित सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा के 26 मार्च 2026 को जारी परिणाम में भोजपुर के होनहार छात्र अक्षत आनंद ने पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया. उनकी इस शानदार सफलता से न केवल भोजपुर, बल्कि पूरा बिहार गौरवान्वित महसूस कर रहा है.

अक्षत आनंद की इस शानदार उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके घर और क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं. सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक हर जगह उनकी सफलता की चर्चा हो रही है. ग्रामीण परिवेश से निकलकर इतनी बड़ी परीक्षा में टॉप करना युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है.

अक्षत के पिता डॉ. आनंद कुमार ठाकुर शिक्षा जगत से जुड़े एक समर्पित शिक्षक हैं. वे भोजपुर के चरपोखरी ब्लॉक के जैतपुरा गाँव के निवासी हैं. वे पूर्व में सर्वोदय +2 विद्यालय, पिरौटा (भोजपुर) में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में गांधी उच्च विद्यालय, खगौल, दानापुर (पटना) में माध्यमिक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं. पिता की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और अनुशासन ने अक्षत की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्षत की मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है। उनकी सफलता से यह साबित होता है कि अगर हौसले बुलंद हों, तो संसाधनों की कमी भी रास्ता नहीं रोक सकती.
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय की परीक्षा राज्य की सबसे कठिन और प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में से एक है, जिसमें सफलता प्राप्त करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. ऐसे में अक्षत आनंद का टॉपर बनना उनकी असाधारण प्रतिभा और कड़ी मेहनत का प्रमाण है.
अक्षत आनंद की यह उपलब्धि आने वाले समय में हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी और यह संदेश देगी कि दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
