नालंदा लिटरेचर फेस्टिवल में आज शब्दों की शाम, देश के चर्चित कवि देंगे प्रस्तुति

राजगीर, 14 मार्च। नालंदा इंटरनेशनल लिटरेचर फेस्टिवल के तीसरे दिन शनिवार को एम्पीथियेटर में संध्या 7 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस काव्य संध्या में देश के चर्चित और युवा कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।


कार्यक्रम में बेस्टसेलर पुस्तकों डार्क हॉर्स, औघड़ और विश्वगुरु के लेखक तथा साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार से सम्मानित कवि नीलोत्पल मृणाल अपनी काव्य प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही नालंदा के मूल निवासी और “गाँव का लड़का” नाम से चर्चित कवि एवं गीतकार संजीव कुमार मुकेश भी मंच से अपनी कविताएँ सुनाएंगे।





मेरठ के प्रसिद्ध हास्य कवि डॉ. प्रतीक गुप्ता, जो “सब कुछ ऑरिजनल है” के लिए जाने जाते हैं, अपने व्यंग्य और हास्य से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। वहीं दरभंगा की चर्चित कवयित्री डॉ. तिष्या श्री, जिन्हें “बिहार की बेटी” के नाम से पहचान मिली है, अपनी संवेदनशील कविताओं से श्रोताओं को भावुक करेंगी।


राजगीर की पंच पहाड़ियों के बीच आयोजित इस कवि सम्मेलन में कविता के विविध रंग देखने को मिलेंगे। यहाँ गाँव की सोंधी खुशबू के साथ हास्य और व्यंग्य की शीतल फुहार भी होगी। गीतों की मिठास, प्रेम और मनुहार के साथ यह काव्य संध्या श्रोताओं को शब्दों की दुनिया में डुबो देगी।

PNCB

Related Post