बिहार में शिक्षकों के ट्रांसफर का इंतजार खत्म होगा!
31 दिसंबर तक पूरी होगी पूरी प्रक्रिया, शिक्षा विभाग ने जारी की नई समय-सारिणी
पटना।। राज्य के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है. शिक्षा विभाग ने सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया की कवायद शुरू की है. बुधवार को जारी संशोधित समय-सारिणी के अनुसार, शिक्षक 30 नवंबर से 7 दिसंबर तक पोर्टल पर जाकर अपनी पसंद के स्कूलों के लिए आवेदन कर सकेंगे.

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण के बाद ही सामान्य स्थानांतरण होगा और पूरी प्रक्रिया 31 दिसंबर तक खत्म कर ली जाएगी.

3 चरणों में होगी पूरी प्रक्रिया
पहला चरण – समायोजन और समानुपातीकरण
जिन 14 जिलों में यह काम अधूरा है, वहां 9 से 14 नवंबर तक जिला स्थापना समिति की बैठक होगी और अंतिम सूची जारी होगी. इसके बाद 17 से 25 नवंबर तक प्रमंडल और राज्य स्तर पर बैठक, सूची प्रकाशन और अपीलों का निपटारा होगा.

दूसरा चरण – पारस्परिक (Mutual) ट्रांसफर
जिन 14 जिलों में पारस्परिक ट्रांसफर लंबित है, वहां भी 9 से 14 नवंबर तक जिला स्तर पर और 17 से 25 नवंबर तक प्रमंडल/राज्य स्तर पर प्रक्रिया पूरी होगी.
तीसरा चरण – सामान्य ट्रांसफर
27 नवंबर को स्कूलवार संशोधित रिक्तियों की नई लिस्ट जारी होगी. 30 नवंबर से 7 दिसंबर तक शिक्षक पोर्टल पर जाकर 10-20 स्कूलों का विकल्प चुन सकेंगे. 8 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर ट्रांसफर लिस्ट जारी करना और उस पर आई आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा.
क्यों रुकी थी प्रक्रिया?
बता दें कि बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक तक के शिक्षकों के ट्रांसफर के लिए पहले समय-सारिणी जारी हुई थी. लेकिन बिहार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के कारण लगी आचार संहिता से 8 अक्टूबर को पूरी प्रक्रिया रोक दी गई थी. अब आचार संहिता खत्म होते ही विभाग ने नया शेड्यूल जारी कर दिया है.
pncb
