वेटलिफ्टिंग में जीता सिल्वर मेडल
भोजपुर से प्रमंडल तक गोल्ड पर कब्जा, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान, विद्यालय में खुशी की लहर
आरा,23 अक्टूबर. मेहनत, लगन और मजबूत इरादे जब एक साथ कदम बढ़ाते हैं, तो सफलता की नई इबारत लिखी जाती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है आरा के संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के छात्र श्रेयांश कुमार सिंह ने। वेटलिफ्टिंग में अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर श्रेयांश ने बिहार राज्य खेलकूद प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर न सिर्फ अपने विद्यालय, बल्कि पूरे भोजपुर जिले का नाम रोशन किया है।
शहर के शुभ नारायण नगर, मझौंवा स्थित संभावना आवासीय उच्च विद्यालय में कक्षा 12वीं के छात्र श्रेयांश की यह उपलब्धि उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। राज्य स्तर तक पहुंचने से पहले श्रेयांश ने अपनी प्रतिभा का लोहा जिला और प्रमंडल स्तर पर भी मनवाया।

जिले में गोल्ड, प्रमंडल में भी स्वर्णिम प्रदर्शन
श्रेयांश कुमार सिंह ने भोजपुर जिला खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके बाद प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भी उसने पहला स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता। लगातार दो स्तरों पर शानदार प्रदर्शन के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उतरे श्रेयांश ने दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।

उसकी इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि खेल के मैदान में सफलता केवल शारीरिक क्षमता से नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से मिलती है।
विद्यालय प्रबंधन ने थपथपाई पीठ, उज्ज्वल भविष्य की कामना

श्रेयांश की इस शानदार उपलब्धि पर संभावना आवासीय उच्च विद्यालय की निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र और प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी।

प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने कहा कि श्रेयांश की सफलता पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उसने अपनी मेहनत और काबिलियत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उसकी उपलब्धि से संभावना विद्यालय का नाम बिहार स्तर पर रोशन हुआ है।
वहीं, विद्यालय के निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र ने कहा कि श्रेयांश ने अपनी प्रतिभा से विद्यालय का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में यह होनहार खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएगा और विद्यालय का नाम रोशन करेगा।
जिला स्तर से राज्य स्तर तक मेडल जीतने वाले श्रेयांश की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है। उसकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि सही मार्गदर्शन, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के सहारे सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।
PNCB
