गंडक नदी में अचानक बढ़ सकता है जलप्रवाह, सीमावर्ती जिलों में विशेष सतर्कता
नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया. बिहार में नेपाल से आने वाले बाढ़ के पानी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है.

पश्चिम चंपारण समेत 6 जिलों में विशेष निगरानी
गंडक नदी से जुड़े पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली समेत अन्य संवेदनशील जिलों के प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है.
बांध-तटबंधों पर दिन-रात निगरानी, रात में नाइट पेट्रोलिंग
मुख्यमंत्री ने सभी बांधों और तटबंधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा. कमजोर हिस्सों की तत्काल पहचान कर जरूरी कार्रवाई और रात में विशेष नाइट पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया गया है.

लाउडस्पीकर से लगातार दी जाएगी चेतावनी
संवेदनशील और प्रभावित इलाकों में लाउडस्पीकर एवं माइक के जरिए लोगों को संभावित खतरे और जरूरी सावधानियों की जानकारी लगातार देने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके.
NDRF-SDRF टीमें तैनात, राहत-बचाव के लिए तैयार
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमें तैनात रखी गई हैं. जिला प्रशासन को दोनों टीमों के साथ समन्वय कर जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.
मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश—लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्थिति पर सतत निगरानी रखने और प्रशासनिक एवं तकनीकी टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा. किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया.
pncb
