18 अगस्त से जारी छात्र आंदोलन समाप्त- सरकार और छात्रों के बीच 10 बड़े मुद्दों पर बनी सहमति

TRE4 में एकल परीक्षा पर सरकार राजी

पटना, 27 अगस्त 2026।। गर्दनीबाग में चल रहा बिहार छात्र आंदोलन आज समाप्त हो गया. शिक्षा विभाग के सचिव और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में छात्रों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से आंदोलन वापस लेने का ऐलान किया. छात्रों के डेलिगेशन ने चीफ सेक्रेट्री प्रत्यय अमृत से भी मुलाकात की.




मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर समझौते की कॉपी शेयर करते हुए पूरी जानकारी दी है.

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है. युवाओं के हित में सरकार लगातार काम कर रही है.

इससे पहले छात्र नेता दिलीप कुमार ने प्रशासन से बातचीत और मांगों पर हुई चर्चा की जानकारी दी.

बैठक में हुए प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं:

1. TRE-4 में बड़ा बदलाव
TRE-4 भर्ती प्रक्रिया में अब एक ही परीक्षा आयोजित की जाएगी और “एक अभ्यर्थी-एक परिणाम” की व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी है.

2. BET, 70वीं BPSC और 1799 दरोगा बहाली की जांच होगी
इन भर्तियों से जुड़ी अनियमितताओं की जांच के लिए पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। अभ्यर्थी अपने साक्ष्य और शिकायतें सीधे समिति के समक्ष रख सकेंगे। आगे की कार्रवाई समिति की रिपोर्ट के आधार पर होगी।

3. BSSC जारी करेगा भर्ती कैलेंडर
BSSC जल्द परीक्षा एवं भर्ती कैलेंडर जारी करेगा और तय समय-सीमा का सख्ती से पालन किया जाएगा।

4. लाइब्रेरियन बहाली का रास्ता साफ
रिक्त पदों के आधार पर पुस्तकालयाध्यक्ष / लाइब्रेरियन भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

5. संविदा कर्मियों के लिए राहत
भर्ती में संविदा कर्मियों को वेटेज अंक और अलग कोटा देने की मांग पर विचार के लिए उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी।

6. डोमिसाइल नीति पर कानूनी राय
राज्य की भर्तियों में अधिकतम संभव डोमिसाइल नीति लागू करने के लिए विधिक राय लेकर आगे बढ़ा जाएगा।

7. अधिकतम आयु सीमा में छूट पर विचार
भर्ती परीक्षाओं में अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव को भी समिति के समक्ष भेजा गया है।

8. पारदर्शिता और पेपर लीक पर सख्ती
भविष्य की परीक्षाओं में BPSC की तर्ज पर OMR शीट और प्रश्नपत्रों में अधिक पारदर्शिता लाई जाएगी। ADO, सेनेटरी सहित अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों की जांच EOU द्वारा निष्पक्ष रूप से की जा रही है।

9. 24 अगस्त का विवादित आदेश रद्द
छात्रों के विरोध वाले पत्रांक-162/गो., दिनांक 24 अगस्त 2026 को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का निर्णय लिया गया है.

निष्कर्ष:
सरकार की ओर से समिति गठन और ठोस कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्र संगठनों ने आंदोलन समाप्त कर दिया है. अब सबकी नजर गठित होने वाली जांच समितियों और भर्ती कैलेंडर पर टिकी है.

Related Post