अनंत सिंह के साथ पत्नी नीलम देवी पर भी एक्शन, सरकारी आवास खाली करने का आदेश

अनंत सिंह पर एक्शन के बाद पत्नी नीलम देवी को दूसरा झटका – 1 मॉल रोड बंगला 25 नवंबर तक खाली करने का नोटिस

भवन निर्माण विभाग ने जारी किया पत्र, 20 सूत्री समिति से हटते ही राज्यमंत्री का दर्जा खत्म – अब सरकारी आवास भी जाना तय




पटना।। मोकामा विधायक अनंत सिंह पर JDU की कार्रवाई के बाद अब उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को लेकर बिहार सरकार ने भी बड़ा फैसला लिया है. बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी पत्र में उन्हें पटना के 1, मॉल रोड स्थित सरकारी आवास को 25 नवंबर 2026 तक खाली करने को कहा गया है.

क्या है पूरा मामला!

JDU ने शनिवार को अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. आरोप था कि विधान परिषद चुनाव में अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट से JDU उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया था. इसे पार्टी विरोधी गतिविधि माना गया.

इसके बाद सोमवार को दोहरी कार्रवाई हुई –

  1. नीलम देवी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री समिति) के सदस्य पद से हटा दिया गया. इसके साथ ही उनका राज्यमंत्री का दर्जा भी तत्काल प्रभाव से खत्म हो गया.
  2. JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से मिलकर 10 पन्नों के दस्तावेज और वीडियो फुटेज के साथ दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा सौंपी है.

बंगला खाली करने का आदेश क्यों?

भवन निर्माण विभाग के पत्रांक 10049 दिनांक 26.10.2026 के अनुसार, नीलम देवी को उप मंत्री का दर्जा मिलने के कारण 19.05.2026 को आवास सं0-01 मॉल रोड आवंटित हुआ था. मंत्रिमंडल सचिवालय की अधिसूचना सं0-578 दिनांक 26.10.2026 द्वारा सदस्यता निरस्त होते ही आवास आवंटन (पटना केन्द्रीय पूल) नियमावली 1986 के नियम 11(2)1 के तहत एक माह के भीतर आवास खाली करना अनिवार्य है.

विभाग ने इसी नियम का हवाला देकर 25.11.2026 तक बंगला रिक्त करने को कहा है. फिलहाल इसी बंगले में अनंत सिंह और उनका परिवार रह रहा है, जबकि विधायक के तौर पर मिला फ्लैट उन्होंने अभी तक नहीं लिया है.

pncb

Related Post