शोभा यात्रा में शामिल भक्तों को शीतल पेय व मिष्ठान का वितरण
आरा (भोजपुर),28 मार्च। रामनवमी के पावन अवसर पर नगर रामलीला समिति ट्रस्ट, आरा द्वारा शहर के डीटी रोड स्थित बाल हिन्दी पुस्तकालय के समीप श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सेवा शिविर (स्टॉल) लगाया गया। इस दौरान रामनवमी शोभा यात्रा में शामिल हजारों राम भक्तों के बीच पेठा, गुड़ व बुंदिया से बने लड्डू, गुल्कोन-डी और शुद्ध पेयजल का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने रथ पर विराजमान प्रभु श्रीराम की विधिवत आरती की और सभी श्रद्धालुओं के मंगल की कामना की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभा यात्रा आरा की धार्मिक एकता और आस्था का प्रतीक है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी शहर के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी राम भक्तों ने अनुशासन और संयम के साथ अपनी-अपनी झांकियों का प्रदर्शन किया, जो समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। ट्रस्ट द्वारा भविष्य में भी इसी तरह के धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही गई।
इस अवसर पर सचिव विष्णु शंकर, कोषाध्यक्ष कर्नल राणा प्रताप सिंह, ट्रस्टी राम कुमार सिंह, डॉ. कृष्ण कुमार, अखिलेश्वर प्रसाद, हरखेन कुमार सिंह, देवदत्त सिंह, संजीव सिन्हा, पप्पू सिंह, अविनाश प्रसाद (रि.डीएसपी), सुजीत कुमार सिंह, राकेश कुमार ‘धन्नू’, अमित कुमार ‘भोलू’ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
