व्यापारिक इलाके में बवाल !

ज्वेलरी शॉप में घुसकर तोड़फोड़, सुरक्षा पर सवाल

गोपाली चौक में तोड़फोड़ से मचा हड़कंप, लेनदेन विवाद ने लिया हिंसक रूप




आरा, 25 फरवरी। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाके गोपाली चौक में मंगलवार को दिनदहाड़े एक आभूषण दुकान में घुसकर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ किए जाने से सनसनी फैल गई। पुरानी पैसों की लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले बैठा और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

दुकान संचालक निखिल जैन ने मसाढ़ निवासी रिंकू सिंह और मुन्नु सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

बातचीत से बवाल तक… फिर शुरू हुई तोड़फोड़

जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी पुराने आर्थिक विवाद को लेकर दुकान पर पहुंचे थे। पहले बातचीत हुई, फिर कहासुनी और देखते-देखते माहौल गरमा गया। आरोप है कि गुस्से में दोनों ने दुकान के अंदर घुसकर काउंटर, शोकेस और अन्य सामान तोड़ डाला। घटना के समय दुकान में ग्राहक मौजूद थे। अचानक हुए हंगामे से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग जुटे, लेकिन भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

दुकानदार का आरोप – डराने और दबाव बनाने की कोशिश
दुकान संचालक का कहना है कि आरोपियों ने जानबूझकर दबाव बनाने के लिए हंगामा किया। इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ प्रतिष्ठा को भी भारी चोट पहुंची है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

CCTV खंगाल रही पुलिस, आरोपियों को नोटिस

नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।आरोपियों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है और तोड़फोड़ साबित होने पर कड़ी धाराओं में कार्रवाई भी हो सकती है। पुलिस का कहना है कि बाजार की कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।

व्यापारियों में डर व्याप्त
दिनदहाड़े इस हमले के बाद व्यापारियों में डर का माहौल है और सुरक्षा को लेकर सबकी चिंताएं बढ़ गई हैं। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने, CCTV निगरानी मजबूत करने, विवादों के समाधान के लिए प्रशासनिक मध्यस्थता व्यवस्था करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि आर्थिक विवाद का समाधान कानून से होना चाहिए, हिंसा से नहीं।

अब सबकी नजर पुलिस कार्रवाई पर
शहर के अति व्यस्तम और जाम रहने वाले गोपाली चौक की इस घटना ने फिलहाल शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सवाल यह है कि क्या यह हमला पूर्व नियोजित था या अचानक भड़का विवाद? क्या आरोपी जल्द गिरफ्त में आएंगे? पूरा बाजार और शहर पुलिस की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

PNBC

Related Post