जिला फुटबॉल लीग
दक्षिण एकौना की शानदार जीत!
बिहिया को 2-0 से हराया
दूसरा मैच ड्रॉ, स्टेडियम में दिखा फुटबॉल का रोमांच
PATNA NOW | भोजपुर स्पोर्ट्स
बिहिया को 2-0 से हराया; दूसरा मुकाबला रहा बराबरी पर
आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में फुटबॉल का रोमांच जारी।
धनंजय और राजीव के गोल से दक्षिण एकौना ने दर्ज की शानदार जीत, शहाबाद हीरोज और एकौना कुइयां के बीच नहीं निकला नतीजा।
आरा। वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में बुधवार को आईआरएफसी भोजपुर जिला फुटबॉल लीग के चौथे दिन दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में दक्षिण एकौना की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए आदर्श क्लब बिहिया को 2-0 से पराजित कर जीत अपने नाम की। वहीं, दिन का दूसरा मुकाबला शहाबाद हीरोज और एकौना कुइयां के बीच खेला गया, जो बराबरी पर समाप्त हुआ।
पहले मुकाबले में दक्षिण एकौना की ओर से धनंजय सिंह ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद राजीव सिंह ने दूसरा गोल दागकर टीम की जीत पक्की कर दी। पूरे मुकाबले में दक्षिण एकौना के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।

मैच के दौरान क्रिकेट एसोसिएशन के विजय सिंह, धनंजय सिंह एवं दीपक सिंह अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुकाबले में निर्णायक की भूमिका राजकुमार, रमेश सिंह और राहुल सिंह ने निभाई, जबकि धनजी फोर्थ रेफरी रहे।

दिन का दूसरा मुकाबला शहाबाद हीरोज और एकौना कुइयां के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन मुकाबले का परिणाम बराबरी पर रहा।
इस मैच के अतिथि पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी लालबहादुर लाल और जिला समाहरणालय के पदाधिकारी प्रकाश सुमन रहे। वहीं, मो. नाजिर हैदर एवं मोहन सिन्हा की भी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अशोक मानव, सुनील सिंह, धर्मेश उपाध्याय, मो. शमशाद, गजाधर सिंह, लाल शरण सिंह, बुटन यादव, रौनक सिंह, मो. अशफाक, राजेन्द्र प्रसाद और विनय सिंह समेत कई खेलप्रेमी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जिला फुटबॉल लीग के मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह और खेलप्रेमियों की मौजूदगी से वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में फुटबॉल का रोमांच लगातार बना हुआ है।
