सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर एकतापुरम में दीपोत्सव, विकास, सामाजिक न्याय एवं जनसेवा की यात्रा को किया नमन
पटना।अजीत।। सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर जनता दल यूनाइटेड के घोषित कार्यक्रम के तहत मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी ने छत्रपति शिवाजी ग्रीन्स, एकतापुरम स्थित अपने कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ 101 दीप प्रज्वलित कर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की. दीपों की जगमगाहट के बीच सुशासन, विकास, सामाजिक न्याय और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया. कार्यक्रम का माहौल उत्साह, आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता से ओतप्रोत रहा.

इस अवसर पर विधायक अरुण मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार का राजनीतिक जीवन और बिहार के विकास के लिए उनका योगदान सुशासन, जनविश्वास एवं सामाजिक परिवर्तन की एक महत्वपूर्ण यात्रा है. उनके नेतृत्व में राज्य में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, कानून-व्यवस्था तथा सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं. समाज के वंचित, गरीब, दलित, पिछड़े और कमजोर वर्गों को सम्मान, अवसर एवं विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में किए गए प्रयास बिहार की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार रहे हैं.

विधायक ने कहा कि 101 दीपों का यह प्रकाश केवल श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि सुशासन की विचारधारा, विकास की निरंतरता, जनसेवा के संकल्प और उज्ज्वल बिहार के सपनों को प्रतिबिंबित करता है. उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर बिहार की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव, निरंतर प्रगति एवं जनकल्याण की कामना की तथा सुशासन के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया.
