प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपरलीक रोकने तथा पारदर्शिता एवं निष्पक्षता लाने के लिए सुझाव
परीक्षा सुधार विशेषज्ञ समिति को 12 सूत्री सुझाव
पटना।। बिहार में सरकारी नौकरियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता, लेटलतीफी, पेपरलीक तथा धांधली-सेटिंग को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं, अभ्यर्थियों द्वारा आरोप लगाए जाते रहे हैं तथा आंदोलन होते रहे हैं. बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष तथा दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व निर्दलीय एमएलसी प्रत्याशी छात्र नेता दिलीप कुमार शुक्रवार को पटना स्थित परीक्षा सुधार विशेषज्ञ समिति के कार्यालय पहुंचे.

छात्र नेता दिलीप कुमार ने बताया कि पिछले दो वर्षों से वे लगातार बिहार सरकार से यह मांग कर रहे थे कि बिहार में एक ऐसा आयोग या कमिटि बनाया जाए जो बिहार के सभी भर्ती आयोगों और सभी प्रतियोगी परीक्षाओं पर नजर रख सके. समय-समय पर सुधार कर सके. हमलोगों को या अभ्यर्थियों को कोई सुझाव देना हो या कोई शिकायत करनी हो तो वहां अपनी बात रख सकें. अगस्त में जब पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर लगातार आंदोलन कर रहे थे उसी दौरान बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा हमारी मांग को मानते हुए परीक्षा सुधार विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया.

छात्र नेता ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता लाई जाए, पेपरलीक, फर्जीवाड़ा एवं धांधली-सेटिंग रोकी जाए तथा सभी भर्ती आयोगों का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाना लाखों छात्रों के भविष्य के लिए अति आवश्यक है. बिहार के लाखों छात्र-छात्राओं के हित में हमने परीक्षा सुधार विशेषज्ञ समिति को लिखित रूप में 12- सूत्री सुझावों से संबंधित ज्ञापन सौंपा है.
बीएसएससी, दारोगा, सिपाही सहित बिहार के सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता लाने तथा पेपरलीक एवं धांधली-सेटिंग रोकने के लिए छात्र नेता दिलीप कुमार ने 12- सूत्री यह सुझाव दिया है-
- प्रश्न पत्रों की छपाई के लिए बिहार सरकार को अपना खुद का प्रिंटिंग प्रेस स्थापित करना चाहिए क्योंकि वर्तमान समय में अधिकतर पेपरलीक मामलों में प्रिंटिंग प्रेस एवं इससे जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई है.
- बायोमेट्रिक, फोटोग्राफी/ विडियोग्राफी एवं परीक्षा से संबंधित अन्य सभी कार्यों में सिर्फ सरकारी कर्मियों को ही लगाया जाए.
- बीपीएससी, बीएसएसी, बीपीएसएससी, सीएसबीसी , बीटीएससी सहित सभी भर्ती आयोगों द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता लाने के लिए परीक्षा समाप्ति बाद ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी और प्रश्न पुस्तिका (क्वेश्चन बुकलेट) परीक्षार्थियों को मिलना चाहिए.
- परीक्षा समाप्ति के 10-15 दिनों बाद उत्तर कुंजी जारी किया जाना चाहिए ताकि परीक्षार्थियों को आयोग द्वारा दिए गए सही उत्तर की जानकारी हो सके.
- रिजल्ट प्रकाशन के साथ ही कट ऑफ मार्क्स तथा सभी परीक्षार्थियों का मार्क्स जारी होना चाहिए ताकि परीक्षार्थियों को उनका मार्क्स मालूम हो सके.
- पीटी का परीक्षा क्रमांक ही परीक्षार्थियों के लिए मेन्स और साक्षात्कार का परीक्षा क्रमांक होना चाहिए। पीटी, मेन्स और साक्षात्कार का परीक्षा क्रमांक अलग-अलग नही होना चाहिए.
- प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए दिव्यांग सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, एनसीएल प्रमाण पत्र,
सभी आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक सर्टिफिकेट की जांच रिजल्ट से पहले होनी चाहिए.
BPSC TRE (शिक्षक भर्ती) में रिजल्ट से पहले किसी भी सर्टिफिकेट की जांच नही होती है। इसलिए TRE4 में इस पर विशेष रूप से संज्ञान लिया जाना चाहिए. - BPSC TRE 4 में रिजल्ट से पहले मेडिकल टीम गठित कर दिव्यांगता की जांच होनी चाहिए.
- BPSC TRE 1, TRE 2 एवं TRE 3 में रिजल्ट से पहले सर्टिफिकेट की जांच नही हुई थी। दिव्यांगता की जांच आज तक नही हुई. इसलिए TRE 1, TRE 2 एवं TRE 3 में सफल सभी अभ्यर्थियों (शिक्षकों) के सभी आवश्यक सर्टिफिकेट की जांच होनी चाहिए. साथ ही मेडिकल टीम बनाकर दिव्यांगता एवं दिव्यांग सर्टिफिकेट की जांच होनी चाहिए. फर्जीवाड़ा करके नौकरी में आए सभी को बाहर किया जाए और कानूनी कार्रवाई की जाए. ऐसे लोगों को 10 साल के लिए प्रतिबंधित किया जाए.
- किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा करने वाले, पेपरलीक मे संलिप्त रहने वाले अभ्यर्थियों को सभी प्रतियोगी परीक्षाओं से आजीवन प्रतिबंधित किया जाए और 10 साल तक जेल की सजा दी जाए.
- पेपरलीक में संलिप्त माफियाओं एवं अभ्यर्थियों को स्पीडी ट्रायल कर 10 साल से अधिक जेल की सजा मिले, सारी संपत्ति जब्त की जाए और अगर नौकरी में है तो नौकरी से बर्खास्त भी किया जाए.
- सभी भर्ती आयोगों का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए.
छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि अगर सरकार जल्द 12- सूत्री सुझावों को लागू नही करती है तो इन मुद्दों को लेकर पूरे बिहार में छात्र-जन आंदोलन शुरू किया जाएगा. छात्र नेता दिलीप कुमार के साथ बिहार स्टूडेंट यूनियन के अन्य सदस्य छात्र नेता साहबाज आलम, छात्र नेता रविरंजन गोस्वामी और छात्र नेता भूपेश भी मौजूद रहे.
pncb
