दिवाली के बाद बेहतर हुआ पटना का AQI- प्रदूषण बोर्ड की समीक्षा बैठक में जल प्रदूषण पर भी हुई चर्चा

पटना। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की समीक्षात्मक बैठक बुधवार को पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. राम चन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में हुई. बैठक में विकास आयुक्त एवं पर्षद के अध्यक्ष मिहिर कुमार सिंह और अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर भी उपस्थित थे.

मंत्री ने राज्य में वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की.




दीपावली पर पटना की हवा हुई खराब, फिर संभली
पर्षद के सदस्य सचिव नीरज नारायण ने बताया कि दीपावली से एक दिन पहले पटना का AQI 186 (Moderate) था, जो दीपावली के दिन बढ़कर 280 (Poor) हो गया। इसे नियंत्रित करने के लिए पटना शहर में सघनतापूर्वक फॉगिंग, स्वीपिंग आदि कार्य किए गए. जिसका नतीजा रहा कि 24 घंटे में ही AQI घटकर फिर से 199 (Moderate) पर आ गया.

राज्य में AQI पर पंजाब में पराली जलाने के कारण अंतरराज्यीय वायु प्रवाह और ठंड के मौसम में होने वाले बदलाव – Low Vertical Coefficient, Wind Speed, Inversion Layer एवं North-Westerly Wind Direction भी प्रमुख कारण हैं.

29 जिलों में 41 वायु गुणवत्ता केंद्र चालू, 9 में जल्द लगेंगे
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के 38 जिलों में से 29 जिलों में कुल 41 अनवरत परिवेशीय वायु गुणवत्ता प्रबोधन केंद्र कार्यरत हैं. शेष 9 जिलों में भी जल्द ही इस तरह के केंद्र स्थापित किए जाएंगे.

पिछले 03 वर्षों के आंकड़ों से पता चलता है कि राज्य के विभिन्न शहरों के AQI की गुणवत्ता में 2022-23 की तुलना में क्रमिक सुधार दर्ज किया गया है.

गंगा का पानी सभी जगह नहाने योग्य
जल प्रदूषण पर बताया गया कि राज्य में गंगा (34 स्थलों पर) एवं सहायक नदियों (कुल 65 स्थलों पर) के विभिन्न स्थलों के अलावा अन्य स्थलों पर भी नमूना संग्रह कर विश्लेषण किया जाता है. पर्षद द्वारा 2025-26 में कुल 2958 नमूनों का संग्रहण एवं विश्लेषण किया गया. आंकड़े दर्शाते हैं कि बिहार में गंगा के प्रवाह के सभी स्थलों पर जल की गुणवत्ता नहाने योग्य पाई गई है.

चीनी मिलों पर होगी सख्ती
मंत्री ने पर्षद को औद्योगिक इकाईयों, खास कर चीनी मिल इकाईयों पर कड़ाई से नियमों एवं मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने एवं उल्लंघनकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया. साथ ही नगर विकास, पंचायती राज, ग्रामीण, परिवहन विभाग के साथ समन्वय बनाकर प्रदूषण नियंत्रण के वैज्ञानिक दायित्वों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा.

pncb

Related Post