यात्रीगण कृपया ध्यान दें, रेल टिकट के दाम बढ़ने वाले हैं, करीब 20 रुपये तक बढ़ेगा पटना से दिल्ली का किराया

रेल किराया बढ़ाने की घोषणा

1 पैसा/2 पैसा प्रति किलोमीटर बढ़ेगा किराया




मासिक टिकटों में कोई बदलाव नहीं

पटना।। रेलवे ने लंबी दूरी की यात्रा के लिए रेल किराया बढ़ाने की घोषणा की है. ये बढ़ी हुई दरें 26 दिसंबर 2025 से लागू कर दी जाएंगी. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि मासिक सीजन टिकट (MST) के किराए में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है. साधारण टिकटों में 215 किलोमीटर तक के लिए कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है. साधारण टिकटों के लिए 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा के लिए एक पैसे प्रति किलोमीटर जबकि एक्सप्रेस और एसी कोच के लिए 2 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि हुई है.

रेल किराया बढ़ाने की वजह भी रेलवे ने स्पष्ट किया है. रेलवे के मुताबिक बीते 10 वर्ष में नेटवर्क और ट्रेनों की संख्या में काफी विस्तार हुआ है. वहीं सुरक्षा और बेहतर संचालन को लेकर भी रेलकर्मियों की संख्‍या में इजाफा किया गया है, जिनका वेतन और भत्ते का खर्च भी बढ़ा है. रेलवे के अनुसार, मैनपावर पर खर्च बढ़कर 1.15 लाख करोड़ हो गया है. साथ ही रेलकर्मियों के पेंशन पर खर्च सालाना 60,000 करोड़ है. वहीं रेलवे का कुल ऑपरेशन खर्च (2024-25) 2.63 लाख करोड़ रुपये रहा.

इस वजह से रेलवे ने इन खर्चों को संतुलित करने के लिए माल ढुलाई बढ़ाने के साथ-साथ सीमित यात्री किराए में सीमित बढ़ोतरी की घोषणा की है. साथ ही रेलवे का कहना है कि सुरक्षा उपायों की वजह से सेफ्टी में काफी सुधार हुआ है. वहीं भारत अब विश्व का दूसरा सबसे बड़ा माल ढोने वाला नेटवर्क बन चुका है जो त्योहारों के समय में 12 हजार से अधिक ट्रेनों का संचालन कर अपनी कार्यक्षमता का रिकॉर्ड बना चुका है.

pncb

Related Post