बच्चों और शिक्षकों ने मनाई देश की पहली महिला ग्रैजुएट की जयंती

पटना ।। बिहार की बेटी व भारत की प्रथम महिला ग्रेजुएट, भारत की प्रथम महिला फिजिशियन डॉक्टर एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिवेशन को संबोधित करने वाली प्रथम महिला कादम्बिनी गांगुली का जन्मोत्सव कार्यक्रम राजकीयकृत उर्दू मध्य विद्यालय नरकट घाट, गुलजारबाग, पटना में विद्यालय के स्नातक विज्ञान शिक्षक सूर्य कान्त गुप्ता के द्वारा आयोजित किया गया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने बताया कि 18 जुलाई 1861 ई. को बिहार के भागलपुर में कादम्बिनी गांगुली का जन्म हुआ था। उनके पिता का नाम ब्रज किशोर बसु था। कादम्बिनी गांगुली ने 1882 ई. में कलकत्ता वर्तमान नाम कोलकाता विश्वविद्यालय से स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण की। 1986 ई. में इसी विश्वविद्यालय से चिकित्सा शास्त्र की डिग्री मिली। इन्हें भारत ही नहीं बल्कि दक्षिण एशियाई देशों की प्रथम महिला फिजिशियन बनने का भी गौरव प्राप्त है। ये पहली महिला थी जिन्होंने 1890 ई. में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिवेशन में भाषण दी।




कादम्बिनी गांगुली ने समाज सुधार महिला, महिला शिक्षा एवं नारी सशक्तिकरण की अग्रदूत बनकर और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाते हुए 3 अक्टूबर 1923 ई. को हम सबको छोड़कर परलोक सिधार गई। हमें उनके रास्तों पर चलकर अपने राज्य बिहार एवं देश के लिए बहुत कुछ करना है।

कार्यक्रम में शाहीन नजमी, अमित कुमार, प्रणया कुमारी, अजीज फातिमा, सुनीता कुमारी, कनिज तैय्यबा, रोकईया मोसर्रत, सबा हाशमी एवं तालीमी मरकज सदस्या रेशमा खातून ने कादम्बिनी गांगुली को याद किया।

Related Post