हेलिकॉप्टर से घूमना है बिहार तो हो जाइए तैयार, इस लिंक पर बुक होगा टिकट

13 जुलाई से बुकिंग, 18 जुलाई से शुरू होगा हवाई सफर

मुख्यमंत्री सोमवार को करेंगे बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026 का शुभारंभ





पटना।। बिहार में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की सुगम, त्वरित और सुरक्षित पहुँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026” का शुभारंभ सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. यह योजना पर्यटन विभाग तथा सिविल विमानन विभाग, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में संचालित की जाएगी.

पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य बिहार में उच्च स्तरीय धार्मिक एवं विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना, घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करना, वाल्मीकिनगर, कैमूर एवं राजगीर क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना, पर्यटन राजस्व में वृद्धि करना तथा बिहार को हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म गंतव्य के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाना है.


हेली टूरिज्म के प्रथम चरण में वाल्मीकिनगर (पश्चिम चम्पारण), माँ मुंडेश्वरी मंदिर, कैमूर तथा राजगीर (नालंदा) को शामिल किया गया है. योजना के अंतर्गत वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय वायुयान तथा कैमूर एवं राजगीर के लिए 6+2 सीटर श्रेणी के किराये के हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा. प्रत्येक फेरी में अधिकतम 5 सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित की जा सकेंगी.

प्रस्तावित संचालन के अनुसार पटना-वाल्मीकिनगर-पटना सेवा प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को संचालित होगी, जिसमें प्रातः 10:00 बजे और अपराह्न 3:00 बजे पटना से प्रस्थान तथा क्रमशः प्रातः 11:00 बजे और सायं 4:30 बजे वापसी का समय निर्धारित है। इस मार्ग पर प्रति सप्ताह 20-20 सीटों की क्षमता प्रस्तावित है.

इसी प्रकार पटना-राजगीर-पटना तथा पटना-कैमूर (करमचट डैम हेलिपैड)-पटना हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को संचालित की जाएगी. राजगीर के लिए प्रातः 9:30 बजे प्रस्थान और 10:30 बजे वापसी, जबकि कैमूर के लिए प्रातः 11:00 बजे प्रस्थान और अपराह्न 12:45 बजे तक वापसी का समय निर्धारित किया गया है. इन दोनों मार्गों पर प्रति सप्ताह 10-10 सीटों की क्षमता निर्धारित है.
योजना के अंतर्गत पटना शहर के स्काईलाइन का हवाई दृश्य उपलब्ध कराने हेतु हेलीकॉप्टर जॉय राइड का भी प्रावधान किया गया है. यह सेवा प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को अपराह्न 3:00 बजे से शुरू होगी, प्रत्येक राइड 10 मिनट की होगी, उड़ानों के बीच 30 मिनट का अंतराल रहेगा, प्रति दिन 4 राइड संचालित होंगी तथा प्रत्येक राइड में 5 सीटें उपलब्ध रहेंगी.

राज्य सरकार ने नागरिकों एवं पर्यटकों के लिए रियायती किराया संरचना निर्धारित की है. इसके अनुसार पटना-वाल्मीकिनगर हेतु प्रति यात्री किराया 5,000 रुपये, पटना-कैमूर हेतु 6,000 रुपये, पटना-राजगीर हेतु 4,000 रुपये तथा हेलीकॉप्टर जॉय राइड (पटना परिदर्शन) हेतु प्रति सीट 2,100 रुपये निर्धारित किया गया है. सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी.
इसके साथ ही सोमवार को मुख्यमंत्री टूरिज्म पॉलिसी के तहत मुजफ्फरपुर के आवेदक मेसर्स तूफानी एडवेंचर प्रा. लि. को एम्यूजमेंट पार्क की श्रेणी में पूंजीगत/ब्याज अनुदान पर्यटन की प्रथम किश्त के रूप में 1.37 करोड़ रुपये का चेक प्रदान करेंगे.
मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री होम स्टे पॉलिसी के तहत वाल्मिकीनगर के संतोष कुमार, बोधगया की उषा सिंह और बराबर के पुरुषोत्तम प्रकाश को प्रमाणन प्रमाणपत्र दिया जाएगा.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री गया जिले के बोधगया में बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केंद्र के निर्माण का शिलान्यास करेंगे, जिसकी लागत 165.44 करोड़ रुपये है. इसका निर्माण होने से बोधगया आने वाले वैश्विक बौद्ध पर्यटकों को एक विश्वस्तरीय ध्यान एवं अनुभव केंद्र की सुविधा प्राप्त हो सकेगी. वहीं 28.50 करोड़ रुपये की राशि से पर्यटकीय विकास की पूर्ण योजनाओं मनेर शरीफ में थिमेटिक गेट, दीघा घाट पर पर्यटकीय सुविधाओं का विकास कार्य, गया के संडेश्वर नाथ शिव मंदिर का विकास एवं सौंदर्यीकरण, गयाजी के गांधी मैदान पार्क का पुनर्विकास कार्य, गयाजी के वैष्णो मंदिर का भव्य द्वार व लाइटिंग का कार्य, ब्रह्मेश्वर स्थान में फेज-2 के तहत विकास कार्य, भोजपुर के बेलाउर सूर्य मंदिर का विकास, देवकुली धाम शिवहर में तालाब का सौंदर्यीकरण व दुकानों का निर्माण तथा नानक साहब लालगंज के विकास कार्य का उद्घाटन भी करेंगे.

To book Ticket

हेली टूरिज्म योजना के तहत 13 जुलाई से बुकिंग शुरू हो रही है, इसका शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किया जा रहा है. बिहार पर्यटन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल www.tourism.bihar.gov.in पर इसकी बुकिंग आमलोग कल से कर सकते हैं. 18 जुलाई से हेली टूरिज्म योजना की औपचारिक रूप से शुरूआत हो जाएगी.

pncb

Related Post