राखी के मौके पर पूरे दो दिन महिलाओं के लिए सफर फ्री
एसी, नॉन-एसी, डीलक्स और पीएम ई-बसों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक यात्रा कर सकेंगी महिलाएं
पटना।। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की विशेष व्यवस्था की है. निगम का यह कदम बहनों को बिना किसी आर्थिक बोझ के अपने भाइयों तक पहुंचने और राखी का त्योहार मनाने में मदद करेगा. BSRTC की करीब 1075 बसों में 27 अगस्त (गुरुवार) को सुबह 6 बजे से 28 अगस्त (शुक्रवार) रात 10 बजे तक महिलाएं बिना टिकट के सफर कर सकेंगी. यह सुविधा राज्यभर में निगम की ओर से संचालित सभी एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, पीएम ई-बसों और पीपीपी सहित सभी श्रेणियों की बसों में उपलब्ध रहेगी. इसके संबंध में सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से लागू हो सके.

निगम के अनुसार वर्तमान में एक हजार से अधिक बसें संचालित हैं, जिनमें पीपीपी मोड पर चलने वाली बसें भी शामिल हैं. इनसे रोजाना एक लाख से अधिक यात्री यात्रा करते हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या करीब आधी रहती है. विदित हो कि महिलाओं की सुरक्षा और आरामदायक सफर को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार इनके लिए खास पिंक बसों का संचालन कर रही है. इस बस सेवा को महिलाओं ने खुले दिल से स्वीकार किया है.

परिवहन सचिव राजकुमार ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर निशुल्क यात्रा की यह व्यवस्था हर वर्ष की भांति इस बार भी महिलाओं को दी जा रही है. इसका उद्देश्य महिलाओं को भाइयों को राखी बांधने के लिए बिना किसी आर्थिक बाधा के सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित कराना है. साथ ही इस दिन ऑफिस, कोचिंग, बाजार या अन्य कामों के लिए तथा अंतरजिला व अंतरराज्यीय मार्गों पर जाने वाली बसों में भी महिलाएं बिना टिकट के यात्रा कर सकेंगी.

#freebus #rakshabandhan #freeticket #rakhi #bsrtc
