गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला के लिए अब पटना और अन्य शहरों से डायरेक्ट बस सेवा

बिहार एवं हरियाणा के बीच शुरु होगी अंतरराज्यीय बस सेवा

  • दोनों राज्यों के बीच अंतरराज्यीय बस परिचालन समझौते पर हुआ हस्ताक्षर
  • BSRTC के छह प्रमंडलों से हरियाणा के प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक शहरों तक मिलेगी सीधी बस सेवा
  • लाखों प्रवासी बिहारवासियों को मिलेगा सुरक्षित, आरामदायक एवं किफायती यात्रा का विकल्प

पटना। 10 जुलाई।। बिहार सरकार ने राज्य के यात्रियों, विशेषकर हरियाणा में कार्यरत प्रवासी बिहारवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. दोनों राज्यों के बीच बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को हरियाणा में द्विपक्षीय इकरारनामा पर हस्ताक्षर हुआ. इकरारनामे पर बिहार सरकार की ओर से राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन तथा हरियाणा सरकार की ओर से अपर मुख्य सचिव (परिवहन) राजा शेखर वुंडरु ने हस्ताक्षर किए. इस मौके पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा उपस्थित थे.




इस समझौते के तहत दोनों राज्यों के बीच बस सेवाओं का संचालन हो सकेगा तथा विशेष रूप से हरियाणा में कार्यरत प्रवासी बिहारवासियों को किफायती दरों पर बेहतर बस सेवा उपलब्ध होगी.

इन शहरों के बीच चलेगी आधुनिक एसी बस सेवा

द्विपक्षीय समझौते के तहत बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के छह प्रमंडलों पटना, पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं भागलपुर से हरियाणा के गुरुग्राम, अंबाला, सोनीपत, पानीपत सहित अन्य निर्धारित शहरों के लिए आधुनिक वातानुकूलित (एसी) बसों का नियमित परिचालन किया जाएगा. इन बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा, जिससे यात्रियों को विश्वसनीय एवं समयबद्ध परिवहन सेवा उपलब्ध हो सके.

जुलाई माह के अंत तक सेवा शुरू होने की संभावना

परिवहन विभाग का लक्ष्य है कि सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी कर जुलाई माह के अंत तक अंतरराज्यीय बस सेवा प्रारंभ कर दी जाए. बसों के परिचालन से यात्रियों को समयबद्ध, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा का नया विकल्प मिलेगा.

निजी परिवहन पर कम होगी निर्भरता

परिवहन सचिव राजकुमार ने बताया कि बिहार सरकार अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के विस्तार को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है. हरियाणा के साथ संपन्न यह इकरारनामा उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे यात्रियों को कम किराये में गुणवत्तापूर्ण एसी बस सेवा उपलब्ध होगी तथा निजी परिवहन पर निर्भरता कम होगी. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के प्रमुख राज्यों से बेहतर एवं सुव्यवस्थित बस सेवाओं के माध्यम से जोड़ना है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके.

प्रवासी बिहारवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता होगी पूरी

हरियाणा देश के प्रमुख औद्योगिक एवं रोजगार उपलब्ध कराने वाले राज्यों में से एक है. गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत और अंबाला जैसे शहरों में बड़ी संख्या में बिहार के लोग निजी कंपनियों, औद्योगिक इकाइयों, निर्माण क्षेत्र, सेवा क्षेत्र, व्यापार तथा अन्य व्यवसायों में कार्यरत हैं. इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं व्यवसायी भी नियमित रूप से दोनों राज्यों के बीच यात्रा करते हैं.

यात्रियों को कम किराये पर सुरक्षित एवं विश्वसनीय यात्रा

राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने बताया कि अब तक अधिकांश यात्रियों को निजी बसों अथवा अन्य महंगे परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उन्हें अधिक किराया देना पड़ता था और कई बार असुविधाओं का भी सामना करना पड़ता था. नई अंतरराज्यीय बस सेवा प्रारंभ होने से यात्रियों को कम किराये पर सुरक्षित, आरामदायक एवं विश्वसनीय सरकारी परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी. इससे न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि त्योहारों, अवकाश एवं विशेष अवसरों पर यात्रियों को बेहतर विकल्प भी मिलेगा.

व्यापार, उद्योग एवं सामाजिक संबंधों को मिलेगा नया विस्तार

यह बस सेवा केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बिहार एवं हरियाणा के बीच आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संबंधों को भी नई गति प्रदान करेगी. दोनों राज्यों के बीच आवागमन आसान होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसरों तक पहुंच सरल होगी तथा निवेश एवं पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा. नियमित सार्वजनिक परिवहन सेवा से दोनों राज्यों के बीच लोगों का संपर्क और अधिक मजबूत होगा.

pncb

Related Post