पटना शहर में हुई मेट्रो की इन्ट्री, ISBT पहुंचना हुआ अब आसान

पटना मेट्रो का मलाही पकड़ी तक विस्तार

सीएम ने उद्घाटन के बाद की मेट्रो की सवारी




पटना ।। पटना मेट्रो ने अपने पांव आखिरकार पसार लिए हैं. लंबे समय से इसके विस्तार की आस लगाए बैठे लोगों के लिए 2 जुलाई का दिन सुकून वाला रहा, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी स्टेशन का उद्घाटन करते हुए इसके विस्तार की शुरुआत की.

पटना शहर के अंदर मलाही पकड़ी से मेट्रो की शुरुआत खास मायने रखती है. दरअसल मलाही पकड़ी और डॉक्टर्स कॉलोनी इलाके में कई बड़े अस्पताल, निजी क्लीनिक, लैब आदि हैं जहां दूर दराज से लोग हर दिन पहुंचते हैं और यही वजह है कि लोगों ने इसकी शुरुआत का जबरदस्त स्वागत किया है. पहले दिन मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने पहुंचे यात्रियों ने मेट्रो सेवा को राजधानी के लिए बड़ी उपलब्धि बताया.

मलाही पकड़ी से यात्रा करने वाले कई लोगों ने कहा कि इस इलाके में बड़ी संख्या में चिकित्सकों के क्लीनिक और स्वास्थ्य सुविधाएं मौजूद हैं, जहां इलाज के लिए दूर-दराज के जिलों से लोग पहुंचते हैं. अब मरीजों और उनके परिजनों को बाईपास की धूल, ट्रैफिक जाम और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी. कम किराए और सुरक्षित यात्रा ने लोगों का भरोसा भी बढ़ाया है.

मेट्रो की सुविधा फिलहाल आइएसबीटी से जीरो माइल और भूतनाथ रोड और मलाही पकड़ी तक मिलेगी. खेमनीचक स्टेशन पर यात्रियों के चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, क्योंकि वहां इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है. भूतनाथ के बाद अगला ठहराव सीधे मलाही पकड़ी स्टेशन पर होगा. अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस स्टेशन को भी परिचालन से जोड़ दिया जाएगा.

पटना मेट्रो अब आइएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी स्टेशनों के बीच चलेगी. करीब 6.2 किलोमीटर लंबे इस प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्रा का अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है. नियमित परिचालन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा. इस रुट पर हर 35 मिनट पर आपको मेट्रो की सेवा मिल पाएगी. करीब 16 मिनट में 6.2 किलोमीटर की यात्रा पूरी होगी.

बता दें कि पटना मेट्रो प्रोजेक्ट के अंतर्गत राजधानी में कुल 31.9 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा रहा है. दानापुर से पटना बस स्टैंड तक मेट्रो सेवा पूरा किया जाना है और जब यह निर्माण पूरा हो जाएगा तो लाखों लोगों को जाम और लंबी यात्रा से राहत मिलने की उम्मीद है. खेमनीचक से मीठापुर और आगे पटना जंक्शन तक के हिस्सों पर भी तेजी से काम चल रहा है.

सरकार और पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का दावा है कि मार्च तक खेमनीचक से मीठापुर तक का परिचालन भी शुरू हो जाएगा. सूत्रों के मुताबिक मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर तक मेट्रो की सेवा भी अगले फेज में शुरू हो सकती है.

pncb

Related Post